रायपुर। राजधानी के वीआईपी रोड और आसपास अवैध तरीके से होटल, बार और कैफे संचालित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है। आधी रात के बाद जांच में पुलिस टीमों ने 11 संचालकों और मैनेजरों को गिरफ्तार किया। ये सभी आधा दर्जन संस्थानों से जुड़े पाए गए।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर मंदिरहसौद, विधानसभा, माना और अभनपुर क्षेत्रों के 50 से अधिक होटल, ढाबा और फार्महाउस संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। इन नोटिस में अवैध नशा परोसने, गुमाश्ता एक्ट का उल्लंघन करने और नो-पार्किंग एरिया में ग्राहकों की गाड़ियों को खड़ा करने जैसी गतिविधियों से दूर रहने और नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई है।
पुलिस ने पूर्व में डेढ़ दर्जन कारोबारी संस्थानों का गुमाश्ता लाइसेंस निरस्त करने के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन को पत्र भी लिखा था। जांच में बार और क्लबों में लाइसेंस नियमों के उल्लंघन और अवैध नशे के परोसने की आशंका सामने आई।
शनिवार रात की जांच के बाद रविवार को एफएमएप कैफे (वीआईपी रोड) के किशोर लोहिरा, सन्नी नागपाल और हिमांशु नागपाल; 007 कैफे (वीआईपी रोड) के आदित्य गुप्ता, मंगल यादव और अभिषेक श्रीवास्तव; चाट डी हट्टी (मरीन ड्राइव) के एश्वर्य बाघ; मोमो मैजिक (मरीन ड्राइव) के विनोद तामंग; अग्रसेन चौक के मंडल पान पैलेस के समीर मंडल और अतरंगी पान पैलेस लभांडीह के ऋषभ मोटवानी को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
इनमें से दो बार की समझाइश के बावजूद आधी रात के बाद कैफे चलाने वाले आदित्य गुप्ता, मंगल यादव और अभिषेक श्रीवास्तव को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का अभियान जारी है और नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य व्यवसायियों पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।











