कोलकाता : Kolkata Heavy Rain : नवरात्रि के पहले दिन ही पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। रात भर हुई मूसलाधार बारिश के कारण पूरा शहर पानी-पानी हो गया है। कई इलाकों में 3 फीट तक पानी भर गया है, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस दौरान बिजली का करंट लगने से अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है।
Kolkata Heavy Rain : शहर में रिकॉर्ड तोड़ बारिश और जानमाल का नुकसान
पिछले 6 घंटों में शहर में 250 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। कोलकाता नगर निगम (KMC) के अनुसार, सबसे ज्यादा बारिश गरिया कामदाहरी में 332 मिमी और जोधपुर पार्क में 285 मिमी हुई है। सड़कों पर जलभराव के कारण ट्रैफिक पूरी तरह से थम गया है।
बिजली के करंट से हुई ये मौतें:
- नियापुकुर
- कालिकापुर
- नेताजी नगर
- गरियाहाट
- इकबालपुर
- जोड़ासांको
- श्यामबाजार
रेलवे और मेट्रो सेवाएं भी प्रभावित
भारी बारिश का असर ट्रेनों और मेट्रो सेवाओं पर भी पड़ा है। हावड़ा और सियालदह स्टेशन यार्ड में पानी भर गया है, जिससे कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इनमें 13113 यूपी हज़ारद्वारी एक्सप्रेस और 13177 सियालदह जंगीपुर एक्सप्रेस शामिल हैं। वहीं, सर्कुलर रेलवे लाइन पर भी ट्रेनों का परिचालन स्थगित कर दिया गया है।
कोलकाता मेट्रो रेलवे ने भी शहीद खुदीराम और मैदान स्टेशन के बीच सेवा रोक दी है, जबकि अन्य रूटों पर ट्रेनों की संख्या घटाई गई है। जलभराव को कम करने के लिए पंप लगाए गए हैं, लेकिन आस-पास के इलाकों से भी पानी आने के कारण स्थिति और भी बिगड़ रही है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण यह बारिश हुई है।













