बुरहानपुर। Burhanpur News : मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में रिश्वतखोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसका अंत बेहद दर्दनाक रहा है। कुछ दिन पहले लोकायुक्त के हत्थे चढ़े एक वनपाल ने आज अपने ही घर में लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Burhanpur News : क्या है पूरा मामला?
धुलकोट रेंज के डिप्टी रेंजर कृष्ण कुमार बर्मन को 16 सितंबर को इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने की परमिशन देने के लिए एक ग्रामीण से घूस मांगी थी। इस कार्रवाई के बाद से वनपाल बर्मन काफी डरे हुए थे।
आज सोमवार को बर्मन ने नेपानगर की न्यू कॉलोनी स्थित अपने घर में खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर कॉलोनी में हड़कंप मच गया और परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए।
वायरल हो रहा सुसाइड नोट
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक सुसाइड नोट भी वायरल हो रहा है, जिसमें वनपाल ने पांच लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस नोट की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल नेपानगर पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर वनपाल ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया।









