छिंदवाड़ा। आगामी 7 से 14 अक्टूबर तक निकाली जाने वाली “गौ न्याय यात्रा” के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरण अभियान के तहत कंप्यूटर बाबा शुक्रवार शाम छिंदवाड़ा पहुंचे। जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मीडिया से चर्चा में कंप्यूटर बाबा ने कहा कि प्रदेश में गायों की दुर्दशा को लेकर यह यात्रा आयोजित की जा रही है। इसमें हजारों की संख्या में गौपालक, गौ रक्षक, साधु-संत एवं गौमाता शामिल होंगी। इस दौरान गायों के सींगों पर ज्ञापन चस्पा किया जाएगा ताकि वे स्वयं मुख्यमंत्री आवास जाकर ज्ञापन सौंप सकें।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के हालिया बयान “कांग्रेसी कुत्ते पालते हैं” पर प्रतिक्रिया देते हुए कंप्यूटर बाबा ने कहा —
“आज प्रदेश में गाय की स्थिति कुत्ते से भी बदतर हो चुकी है। अगर सरकार को गाय में श्रद्धा है तो उनकी तकलीफों पर ध्यान देकर न्याय दिलाने की कोशिश करनी चाहिए।”









