Earthquake : काबुल। अफगानिस्तान एक बार फिर भीषण प्राकृतिक आपदा की चपेट में आ गया। रविवार देर रात नंगरहार प्रांत के जलालाबाद शहर के नजदीक 6.0 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसमें अब तक 509 लोगों की मौत और 1000 से ज्यादा लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार भूकंप का केंद्र जलालाबाद के पास 8 किलोमीटर गहराई पर था।
Earthquake : भूकंप का असर इतना तेज था कि इसके झटके पाकिस्तान और भारत के दिल्ली-एनसीआर तक महसूस किए गए। स्थानीय समयानुसार रात 11:47 बजे आए इस भूकंप के करीब 20 मिनट बाद उसी इलाके में एक और झटका दर्ज किया गया जिसकी तीव्रता 4.5 थी।
लगातार भूकंप से डरा अफगानिस्तान
अफगानिस्तान बीते एक महीने में पांच बार भूकंप का शिकार हो चुका है। 27 अगस्त को 5.4, 17 अगस्त को 4.9, 13 अगस्त को 4.2 और 8 अगस्त को 4.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इससे पहले अक्टूबर 2023 में आए 6.3 तीव्रता के भूकंप ने 4,000 से अधिक लोगों की जान ले ली थी।
क्यों आता है बार-बार भूकंप?
विशेषज्ञों के अनुसार, अफगानिस्तान भूकंपीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील क्षेत्र है। यहां भारतीय प्लेट और यूरेशियन प्लेट की टकराहट लगातार भूकंप को जन्म देती है। रिक्टर स्केल पर मापी गई 6.0 तीव्रता इतनी घातक होती है कि यह बड़े पैमाने पर तबाही मचा सकती है।
राहत और बचाव अभियान
तालिबान सरकार और स्थानीय प्रशासन ने राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। मलबे में दबे लोगों को निकालने का अभियान चलाया जा रहा है, वहीं अस्पतालों में घायलों की संख्या बढ़ने से चिकित्सा व्यवस्था पर भारी दबाव है।











