Raipur News : रायपुर: छत्तीसगढ़ प्रदेश के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर लगातार 13वें दिन भी आंदोलनरत हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि अधिकारी मंत्री को गुमराह कर रहे हैं और अब तक किसी भी मांग पर लिखित आदेश जारी नहीं हुआ, जबकि मंत्री द्वारा कई बार आश्वासन दिया गया है। इस स्थिति ने कर्मचारियों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है।
Raipur News : प्रदेश के 33 जिलों के मुख्यालयों में बैठे आंदोलनकारी कर्मचारियों ने साफ कहा है कि उनकी पाँच प्रमुख मांगों — नियमितीकरण, ग्रेड पे, और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता — पर अब तक शासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
Raipur News : दुर्ग सांसद एवं भाजपा घोषणा पत्र समिति 2023 के प्रदेश संयोजक विजय बघेल ने आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा:
“एनएचएम कर्मियों की मांगें पूरी तरह वाजिब हैं। ये मोदी की गारंटी और भाजपा के घोषणा पत्र का हिस्सा भी हैं। त्यौहार के इस मौसम और मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप के बीच महिला स्वास्थ्य कर्मियों का सड़क पर आंदोलन करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
Raipur News : कर्मचारियों ने बताया कि सांसद बघेल ने कई बार स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर समस्याओं के समाधान की मांग की, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है, जिससे कर्मचारियों में भारी निराशा है।
Raipur News : प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी और प्रदेश प्रवक्ता पूरन दास ने संयुक्त बयान में कहा: “पिछले 20 महीनों में हमने सभी मंत्रियों और मुख्यमंत्री को 150 से अधिक आवेदन, निवेदन और ज्ञापन दिए, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण आज आंदोलन की स्थिति बनी है। शासन की अड़ियल रवैया के कारण प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है, जिसकी जिम्मेदारी शासन की है। शासन यदि उतनी ही तत्परता मांगों को पूरा करने में दिखाता, जितनी जल्दी वह नोटिस थमा रहा है, तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।”
Raipur News : कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे संवाद चाहते हैं और उम्मीद करते हैं कि संवेदनशील मुख्यमंत्री शीघ्र हस्तक्षेप करेंगे। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही लिखित आदेश जारी नहीं किए गए, तो आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। शासन द्वारा भेजे गए दंडात्मक नोटिसों पर कर्मचारियों ने कहा कि वे किसी दबाव में नहीं झुकेंगे और इन नोटिसों को सार्वजनिक रूप से जलाने की तैयारी कर रहे हैं।








