Home Chhattisgarh TOP 10 News Today 22 Aug 2025 : निशाने पर आज : आवारा कुत्तों पर SC का बड़ा फैसला, संसद भवन की सुरक्षा में सेंध, भोपाल में छुपा 92 करोड़ का ड्रग्स साम्राज्य बेनकाब, रायपुर में 27 लाख की हेरोइन जब्त, छत्तीसगढ़ में सियासी पारा हाई, मौत का अड्डा बना नशा मुक्ति केंद्र…समेत देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें

TOP 10 News Today 22 Aug 2025 : निशाने पर आज : आवारा कुत्तों पर SC का बड़ा फैसला, संसद भवन की सुरक्षा में सेंध, भोपाल में छुपा 92 करोड़ का ड्रग्स साम्राज्य बेनकाब, रायपुर में 27 लाख की हेरोइन जब्त, छत्तीसगढ़ में सियासी पारा हाई, मौत का अड्डा बना नशा मुक्ति केंद्र…समेत देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें

0
TOP 10 News Today 22 Aug 2025 : निशाने पर आज : आवारा कुत्तों पर SC का बड़ा फैसला, संसद भवन की सुरक्षा में सेंध, भोपाल में छुपा 92 करोड़ का ड्रग्स साम्राज्य बेनकाब, रायपुर में 27 लाख की हेरोइन जब्त, छत्तीसगढ़ में सियासी पारा हाई, मौत का अड्डा बना नशा मुक्ति केंद्र…समेत देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें
TOP 10 News Today 22 Aug 2025

TOP 10 News Today 22 Aug 2025 :

1 . आवारा कुत्तों पर SC का बड़ा फैसला

SC का बड़ा फैसला : सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों के बढ़ते मसले पर एक अहम फैसला सुनाया है, जो डॉग लवर्स और कुत्तों से डरने या परेशान होने वाले लोगों, दोनों के लिए एक बीच का रास्ता निकालता है। कोर्ट ने कहा है कि अब से नसबंदी और टीकाकरण के बाद कुत्तों को उसी जगह पर वापस छोड़ा जाएगा, जहां से उन्हें पकड़ा गया था। इस फैसले का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण हिस्सा यह है कि अब कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक जगहों पर कुत्तों को खाना नहीं खिला पाएगा। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि नगर निगम कुत्तों के लिए अलग से ‘फीडिंग स्पॉट’ (भोजन स्थल) बनाएगा। कोर्ट का मानना है कि खाने को लेकर होने वाले झगड़े और हमलों के कारण ही काटने की अधिकतर घटनाएं होती हैं। इन नियमों का पालन न करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

2 . संसद भवन की सुरक्षा में सेंध

नई दिल्ली। देश की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली संसद भवन की सुरक्षा पर शुक्रवार सुबह बड़ा सवाल खड़ा हो गया। सुबह करीब 6:30 बजे एक शख्स रेल भवन की ओर से पेड़ के सहारे दीवार फांदकर सीधे नई संसद के गरुड़ द्वार तक पहुंच गया। हालांकि, समय रहते सुरक्षा बलों ने सतर्कता दिखाई और उसे वहीं पकड़ लिया। सूत्रों के मुताबिक आरोपी की पहचान की जा रही है और उससे गहन पूछताछ चल रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसने पहले भी संसद परिसर के आसपास लंबे समय तक मूवमेंट किया था। यह घटना एक बार फिर संसद की सुरक्षा व्यवस्था की कमियों और खामियों को उजागर करती है। सवाल यह भी उठ रहा है कि इतना बड़ा सुरक्षा घेरा पार कर आरोपी आखिर गरुड़ द्वार तक कैसे पहुंच गया। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और आरोपी के इरादों की तहकीकात कर रही हैं।

3 . भोपाल में छुपा 92 करोड़ का ड्रग्स साम्राज्य बेनकाब

भोपाल। राजधानी में ड्रग्स तस्करी से जुड़ा बड़ा मामला उजागर हुआ है। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने भोपाल के जगदीशपुर क्षेत्र में छापा मारकर एक गुप्त फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है, जहां से करीब 92 करोड़ रुपये की मेफेड्रोन ड्रग्स बरामद की गई। जांच में सामने आया है कि इस फैक्ट्री का संचालन अंतरराष्ट्रीय तस्कर सलीम डोला कर रहा था, जिसका सीधा संबंध अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की डी-Company से रहा है। डोला का नाम पहले भी कुख्यात गैंगस्टर इकबाल मिर्ची के नेटवर्क से जुड़ चुका है।

4 . रायपुर में 27 लाख की हेरोइन जब्त

राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। कबीरनगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए 273.19 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 27 लाख 88 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी नशे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक वज़न मशीन का उपयोग करता था और इन्हें सप्लाई करने के लिए मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था। वहीं, जब्त किए गए छह मोबाइल फोन से पुलिस को शक है कि आरोपी नशे के नेटवर्क से जुड़े कई लोगों के संपर्क में था।

5 . छत्तीसगढ़ में सियासी पारा हाई

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद प्रदेश में सियासी पारा बढ़ गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने मुख्यमंत्री साय सरकार पर बस्तर की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके शासनकाल में बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और मंत्री बस्तर क्षेत्र के नेताओं को ही बनाए जाते थे। उन्होंने दावा किया कि अब भाजपा सरकार वरिष्ठ नेताओं की राजनीतिक हत्या करने का प्रयास कर रही है। इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने पलटवार करते हुए कहा कि दीपक बैज अनुचित टिप्पणी कर रहे हैं और उन्हें अपने संगठन की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का अधिकार है कि वे किसे मंत्री बनाना चाहते हैं। वर्तमान में बस्तर से केदार कश्यप मंत्री हैं, कोंडागांव विधायक लता उसेंडी बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष हैं और किरण सिंहदेव स्वयं प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका में हैं। सियासी विश्लेषकों का कहना है कि बस्तर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में यह बयानबाजी आगामी राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकती है। वहीं, दोनों दलों के नेताओं के बीच तकरार और बयानबाजी से स्थानीय राजनीति में गर्मी बनी हुई है और आम जनता भी इस विवाद पर अपनी नजरें टिकाए हुए है।

6 . मौत का अड्डा बना नशा मुक्ति केंद्र

ग्वालियर : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नशा मुक्ति केंद्रों में मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बिजौली थाना क्षेत्र के मंथन नशा मुक्ति केंद्र में एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मध्य प्रदेश सशस्त्र बल (SAF) के एक जवान अजय भदौरिया की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। 39 वर्षीय आरक्षक अजय भदौरिया को शराब की लत छुड़ाने के लिए उनके परिजनों ने 23 जुलाई को इस केंद्र में भर्ती कराया था। भर्ती के 24 घंटे के अंदर ही उनकी मौत हो गई। हालांकि, उनकी मौत को सामान्य बताया गया था, लेकिन हाल ही में आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है।

7 . साउथ अमेरिका में 8.0 तीव्रता का भूकंप

Earthquake : साउथ अमेरिका। अर्जेंटीना के दक्षिण में ड्रेक पैसेज के इलाके में 8.0 तीव्रता का भूकंप आया, जिसने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। अमेरिकी भूगर्भीय संस्था USGS के अनुसार भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 11 किलोमीटर की गहराई में था। फिलहाल इस भूकंप से किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन चिली सरकार ने सुनामी की चेतावनी जारी कर दी है। भूकंप के झटके ड्रेक पैसेज के गहरे और खतरनाक समुद्री मार्ग में महसूस किए गए। यह मार्ग दक्षिण-पश्चिमी अटलांटिक महासागर और दक्षिण-पूर्वी प्रशांत महासागर को जोड़ता है और इसे सर फ्रांसिस ड्रेक के नाम पर जाना जाता है। यह क्षेत्र भूकंपीय रूप से संवेदनशील माना जाता है क्योंकि यहां दक्षिण अमेरिकी और अंटार्कटिक टेक्टोनिक प्लेटें मिलती हैं।

8 . खूंखार प्रिंसिपल, पिटाई से टूट गया छात्रा का दांत

MP NEWS : मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर से स्कूल में चल रही भयावह हिंसा का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उमरी फिफरी शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल शिवराज सिंह बघेल पर छात्रों के साथ बर्बर मारपीट और उनके हाथ-पैर दबवाने का आरोप लगा है। पीड़ित छात्रों ने बताया कि प्रिंसिपल शराब पीकर विद्यालय आते थे और बच्चों को इतनी बेरहमी से पीटते थे कि वे घंटों तक बेहोश रहते थे। जानकारी के अनुसार, प्रिंसिपल ने हाल ही में पांचवी कक्षा की एक छात्रा को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसका दांत टूट गया और मुंह खून से भर गया। पीड़ित छात्रा आंशिक प्रजापति ने बताया कि प्रिंसिपल रोज शराब पीकर स्कूल आते और गुस्से में बच्चों पर प्रहार करते। छात्रा प्रिया प्रजापति ने कहा कि प्रिंसिपल कभी-कभी स्कूल में ही शराब और गांजा पीते और बच्चों पर अपना गुस्सा निकालते।

9. गणेशोत्सव की तैयारी में दिल दहला देने वाला हादसा…

CG NEWS : जांजगीर-चांपा : गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच जिले के पामगढ़ में एक दुखद घटना सामने आई है। कुटरा गांव में गणेश पंडाल लगाने जा रहे दो दोस्त, सुमित कश्यप और प्रह्लाद कश्यप, की स्कूटी सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस खबर से मृतकों के परिवार और गांव में मातम पसर गया है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है। इस घटना ने गणेशोत्सव की खुशी को शोक में बदल दिया है।

10 . एल्विश यादव के घर फायरिंग करने वाला बदमाश मुठभेड़ में ढेर….

फरीदाबाद । यूट्यूबर और बिग बॉस OTT विनर एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करने वाले आरोपी का आखिरकार पुलिस से आमना-सामना हो गया। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार देर रात आरोपी इशांत उर्फ इशू गांधी को मुठभेड़ में दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान इशांत के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि 17 अगस्त को गुरुग्राम सेक्टर-57 स्थित एल्विश यादव के घर पर तड़के करीब 5.30 बजे 24 राउंड फायरिंग की गई थी। गोलियां घर के दरवाजे, खिड़कियों और छत तक जा लगी थीं। घटना घर में लगे सीसीटीवी में कैद हुई थी, जिसमें दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाश गोलियां बरसाते नजर आए। उस समय एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन उनके माता-पिता और केयरटेकर घर के अंदर थे। गनीमत रही कि सभी की जान बच गई।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here