Krishna Janmashtami 2025 : रायपुर. नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की…राजधानी रायपुर के मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम मची हुई है। टाटीबंध स्थित इस्कॉन मंदिर में तीन दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव जारी है। वहीं जैतूसाव मठ में भगवान को भोग लगाने के लिए 1100 किलो मालपुआ तैयार किया गया है। समता कॉलोनी के राधा कृष्ण मंदिर को फूलों से सजाकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
Krishna Janmashtami 2025 : इस्कॉन मंदिर में खास आयोजन
टाटीबंध स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी पर्व को लेकर विशेष आयोजन हो रहे हैं। भगवान श्रीकृष्ण के श्रृंगार के लिए वृंदावन और मुंबई से विशेष वस्त्र और आभूषण मंगवाए गए हैं। आज सुबह 11 बजे से हरिनाम कीर्तन हो रहा है, वहीं सुबह 9 बजे से रात 2 बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। शाम 6 बजे दिल्ली से आए *लीला द स्पिरिचुअल रॉक बैंड* और वृंदावन धाम के कलाकारों की टीम प्रस्तुति देंगे।
Krishna Janmashtami 2025 : समता कॉलोनी का राधा कृष्ण मंदिर
समता कॉलोनी स्थित राधा कृष्ण मंदिर में भी जन्माष्टमी का उत्सव पूरे उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यहां बाल गोपाल, श्रीकृष्ण और राधारानी का दुग्धाभिषेक कर अनुष्ठान की शुरुआत की गई। शाम 7.30 बजे भव्य उत्सव का आयोजन होगा। इसके बाद 56 भोग अर्पित कर महाआरती की जाएगी। राजधानी रायपुर में जन्माष्टमी की भक्ति और उत्सव का माहौल हर मंदिर और हर मोहल्ले में छाया हुआ है।
Krishna Janmashtami 2025 : अन्य मंदिरों में कार्यक्रम
सिटी कोतवाली में आज रात जन्माष्टमी मनाई जाएगी और ठाकुरजी को गोपाल मंदिर तक शोभायात्रा में लाया जाएगा।
जैतूसाव मठ में भगवान को 11 क्विंटल मालपुए का भोग लगाया जाएगा। रात 8 बजे से भजन संध्या और ठीक 12 बजे जन्म आरती होगी।
दूधाधारी मठ में प्रसाद के लिए विशेष धनिया की पंजीरी तैयार की गई है।
पेठा लाइन नयापारा स्थित 156 साल पुराने श्री बांके बिहारी मंदिर में सुबह दुग्धाभिषेक, 11 बजे श्रृंगार आरती और दर्शन का आयोजन हुआ।
चौबे कॉलोनी स्थित चिंताहरण हनुमान मंदिर में फूलों से सजावट की गई है और रात 8 बजे से गायक मनोज शर्मा भजन प्रस्तुति देंगे।









