Uttarakhand : देहरादून। उत्तराखंड पुलिस ने धराली आपदा को लेकर फेसबुक पर भड़काऊ और सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने वाले पोस्ट करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, इन पोस्ट का उद्देश्य विभिन्न समुदायों के बीच नफरत फैलाना था। यह जानकारी सब-इंस्पेक्टर विक्की टामटा ने शनिवार को दी।
मामले में बताया गया कि एक व्यक्ति ने फेसबुक पर धराली की बाढ़ से पहले और बाद की दो तस्वीरें साझा करते हुए लिखा था – “धराली गांव में आपदा… कुदरत का बुलडोज़र”। इसके जवाब में अन्य आरोपियों ने ऐसे कमेंट किए जो धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले थे। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी रखी हुई है।
धराली आपदा के बाद राहत और बचाव कार्य जोरों पर
धराली में आई भयंकर बाढ़ के पांच दिन बाद भी राहत और बचाव कार्य जारी हैं। सेना, ITBP, NDRF, SDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों में सहायता कर रही हैं। अब तक 700 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। BRO और अन्य संस्थान धराली और हर्षिल के बीच सड़क निर्माण में लगे हुए हैं, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन को और तेजी मिलेगी। फिलहाल बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।
सरकार ने दी आर्थिक सहायता का ऐलान
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही प्रभावितों के पुनर्वास के लिए भी मदद का आश्वासन दिया गया है।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह का सख्त संदेश
एसएसपी अजय सिंह ने स्पष्ट किया है कि धराली आपदा को लेकर झूठी खबरें फैलाने या बिना जांच के सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से संयम बरतने और अफवाहों से बचने की अपील की है।











