Dabra Breaking : संदीप शर्मा/डबरा (ग्वालियर), 22 जुलाई 2025 — मध्य प्रदेश के डबरा देहात थाना क्षेत्र के गंगाबाग तिराहे पर मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने एक किराना दुकान पर बैठे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में युवक योगेंद्र पटेल को कमर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद दिल्ली रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, योगेंद्र पटेल रोज़ की तरह गंगाबाग तिराहे स्थित अपनी दुकान पर बैठा था, तभी बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने उस पर एक के बाद एक 5 से 6 राउंड फायर किए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस, एसडीओपी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को मौके से चले हुए कारतूस के खोखे बरामद हुए हैं।
पुलिस जांच में प्रारंभिक कारण के रूप में घायल युवक योगेंद्र पटेल और आरोपियों के बीच पुराना विवाद सामने आया है। घटना को लेकर पुलिस ने हेमेन्द्र रावत, मस्ते राम रावत, छोटू रावत सहित अन्य दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, वहीं इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना ने डबरा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।









