इंदौर। कल्पेश याग्निक आत्महत्या केस : वरिष्ठ पत्रकार कल्पेश याग्निक आत्महत्या मामले में बड़ा मोड़ सामने आया है। क्राइम ब्रांच ने मामले की मुख्य आरोपी सोनाली अरोरा को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई निवासी सोनाली पर पत्रकार याग्निक को ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप है।
2019 में सोनाली को कोर्ट से जमानत मिली थी, लेकिन उसने फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर जमानत हासिल की थी। इस धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद कोर्ट ने उसकी जमानत निरस्त कर दी थी। इंदौर क्राइम ब्रांच ने मल्हारगढ़ से उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि सोनाली लंबे समय से फरार थी और उस पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई थी।
अब क्राइम ब्रांच थाने में उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले में कई और खुलासे हो सकते हैं। यह मामला 2018 में सामने आया था जब प्रसिद्ध पत्रकार कल्पेश याग्निक ने आत्महत्या कर ली थी, और उनके सुसाइड नोट में ब्लैकमेलिंग की बात लिखी गई थी।









