Asia Cup 2026: मुंबई। एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सीनियर चयन समिति ने टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय इंडिया-ए टीम चुनी है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह मिली है, जबकि तिलक वर्मा को कप्तानी और रजत पाटीदार को उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस टीम में अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह और हर्षित राणा जैसे चर्चित खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक कतर की राजधानी दोहा में खेला जाएगा। भारतीय टीम ग्रुप-बी में है, जहां उसका मुकाबला पाकिस्तान-ए, नेपाल और यूएई से होगा।
वैभव सूर्यवंशी समेत कई बड़े नाम टीम में
राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए चुनी गई इंडिया-ए टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण देखने को मिलेगा। वैभव सूर्यवंशी के अलावा अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, तिलक वर्मा, रजत पाटीदार और रिंकू सिंह को टीम में शामिल किया गया है। विकेटकीपर की जिम्मेदारी प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र संभालेंगे। वहीं, हर्षित राणा को तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी दी गई है।
इंडिया-ए की 15 सदस्यीय टीम
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रजत पाटीदार (उपकप्तान), रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव और अरशद खान।
22 नवंबर को भारत-पाकिस्तान के बीच महामुकाबला
राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-ए में बांग्लादेश-ए, श्रीलंका-ए, अफगानिस्तान-ए और हांगकांग चीन को रखा गया है। वहीं, ग्रुप-बी में भारत-ए, पाकिस्तान-ए, नेपाल और यूएई की टीमें शामिल हैं।दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 29 नवंबर को होगा।
भारत-ए का पूरा शेड्यूल
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगी। इसके बाद 22 नवंबर को पाकिस्तान-ए से भिड़ंत होगी। ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला 24 नवंबर को यूएई के खिलाफ खेला जाएगा।
तारीख ————- मुकाबला
——– ———————
20 नवंबर-भारत-ए vs नेपाल
22 नवंबर – भारत-ए vs पाकिस्तान-ए
24 नवंबर -भारत-ए vs यूएई
Asia Cup 2026: भारत के तीनों लीग मुकाबले दोहा में खेले जाएंगे। नेपाल और पाकिस्तान-ए के खिलाफ मैच वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल स्टेडियम में होंगे, जबकि यूएई के खिलाफ मुकाबला यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी में खेला जाएगा। अब युवा खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम पर खिताब जीतने की जिम्मेदारी होगी। खास तौर पर वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन और कप्तान तिलक वर्मा की रणनीति पर क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें रहेंगी।