Raigarh Police News: राष्ट्रीय एकता दिवस पर गूंजा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश, रायगढ़ में निकली ‘रन फॉर यूनिटी’

VIKASH KHALKHO

गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। National Unity Day in Raigarh: लौह पुरुष एवं भारत के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को रायगढ़ जिले में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ अत्यंत उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसके जरिए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

पुलिस लाइन उर्दना में निकली ‘रन फॉर यूनिटी’

राष्ट्रीय एकता दिवस की सुबह उर्दना स्थित पुलिस लाइन में रक्षित केंद्र और छठी वाहिनी के जवानों द्वारा संयुक्त रूप से ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) का आयोजन किया गया। इस दौड़ में जिला पुलिस बल और सशस्त्र वाहिनी के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया और देश की संप्रभुता व अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।

Read More : Rewa Food Safety Raid: लोगों की सेहत से खुलेआम खिलवाड़, फूड विभाग की कार्रवाई के बाद रेस्टोरेंट का लाइसेंस तत्काल निलंबित

जिले के 22 स्थानों पर दिखाया गया एकता परेड का सीधा प्रसारण

गुजरात के एकतानगर (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी) से आयोजित भव्य राष्ट्रीय एकता परेड के सीधे प्रसारण की व्यापक व्यवस्था की गई थी। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर रायगढ़ जिले के 22 अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रमुख चौक-चौराहों, सामुदायिक भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी स्क्रीन के जरिए लाइव स्ट्रीमिंग की गई।

पुलिस कार्यालय रायगढ़ में विशेष रूप से एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों के लिए लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश: “भारत की विविधता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत”

मीडिया से चर्चा करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हम सभी के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था में पुलिस बल की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल कर रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ पुलिस का योगदान अहम रहा है।

उन्होंने आगे कहा, “यह एकता परेड पूरे देश को संदेश देती है कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत एक है। हमारी भाषाएं और वेशभूषा अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारी राष्ट्रीय पहचान एक है।” रायगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित इन आयोजनों ने समाज के हर वर्ग को राष्ट्रीयता और सामाजिक समरसता का मजबूत संदेश दिया।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *