CG Accident Video: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। शहर के सीएसईबी चौक पर तेज रफ्तार बाइक और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक हवा में उछलकर डिवाइडर पार करते हुए सड़क की दूसरी लेन में जा गिरा। इसी दौरान वहां से गुजर रही स्कूटी भी युवक से टकरा गई, जिस पर दो महिलाएं सवार थीं। हादसे का पूरा घटनाक्रम पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया है।
डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा गिरा युवक
जानकारी के मुताबिक, हादसा गुरुवार रात ट्रांसपोर्ट नगर के मुख्य मार्ग स्थित सीएसईबी चौक पर हुआ। बताया जा रहा है कि डिवाइडर से मुड़ रही कार के बोनट से तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक उछलकर विपरीत दिशा की सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान वहां से गुजर रही स्कूटी भी उससे टकरा गई।
स्कूटी सवार महिलाएं भी सड़क पर गिरीं
हादसे के दौरान स्कूटी पर सवार दोनों महिलाएं सड़क पर गिर गईं। हालांकि, स्कूटी की रफ्तार कम होने के कारण उन्हें ज्यादा गंभीर चोटें नहीं आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया युवक
CG Accident Video: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, सड़क से दुर्घटनाग्रस्त बाइक को हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे का CCTV वीडियो सामने आने के बाद सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।