नई दिल्ली। Amazon Layoffs News: वैश्विक दिग्गज टेक कंपनी अमेजन (Amazon) ने एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी का ऐलान कर टेक जगत में हड़कंप मचा दिया है। कंपनी ने अपनी डिवाइस और सर्विसेज यूनिट (Device & Services Unit) में करीब 250 पदों पर कटौती करने का निर्णय लिया है। यह वही डिवीजन है जो किंडल (Kindle) ई-रीडर्स, इको (Echo) स्मार्ट स्पीकर और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे लोकप्रिय प्रोडक्ट्स का निर्माण करता है। प्रभावित कर्मचारियों को सुबह-सुबह ईमेल और टेक्स्ट मैसेज भेजकर इस कड़े फैसले की सूचना दी गई, जिसकी पुष्टि कंपनी के प्रवक्ता ने भी कर दी है।
यह कार्रवाई इसलिए भी हैरान करने वाली मानी जा रही है क्योंकि कंपनी ने हाल ही में बाजार में नए किंडल ई-रीडर्स और टैबलेट लॉन्च किए थे। इस छंटनी की सबसे गाज सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट का काम देख रहे कर्मचारियों पर गिरी है। चालू महीने के भीतर अमेजन द्वारा छंटनी का यह दूसरा बड़ा फैसला है; इससे पहले अक्टूबर महीने की शुरुआत में कंपनी ने अपने रिटेल डिवीजन से लगभग 1,000 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया था।
कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में इस छंटनी के पीछे का कारण कारोबार को अधिक कुशल बनाना और कर्मचारियों की संख्या को अपनी भविष्य की प्रोडक्ट योजनाओं के अनुरूप ढालना बताया है। अमेजन के अनुसार, इस कदम से कंपनी को अपनी कार्यप्रणाली में तेजी लाने और अपने आगामी प्रोडक्ट रोडमैप के साथ बेहतर तालमेल बिठाने में मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि अमेजन में छंटनी का यह दौर नया नहीं है। इससे पहले जनवरी में कंपनी ने 16,000 पदों पर कटौती की घोषणा की थी, जबकि पिछले साल भी 14,000 से अधिक कर्मचारियों को निकाला गया था। जानकारों के मुताबिक, कंपनी अब अपने पारंपरिक एलेक्सा (Alexa) सिस्टम से आगे बढ़कर जेनरेटिव एआई (Generative AI) और अधिक एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल्स पर अपना निवेश और ध्यान केंद्रित कर रही है।