CG Accident News: रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, खड़ी ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बस, 3 यात्रियों की मौत, 10 घायल

Sanjay Sahu
CG Accident News:

CG Accident News: बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बलौदाबाजार जिले के दरचुरा के पास यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 3 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर होने की जानकारी है। हादसा सिमगा थाना क्षेत्र में हुआ।

अंबिकापुर से रायपुर जा रही थी बस

जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 04 NM 0859 सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5:30 बजे दरचुरा के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे के वक्त कई यात्री नींद में थे और उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। टक्कर के कारण बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और डायल 112

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और सिमगा पुलिस मौके पर पहुंची। बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है, ताकि यातायात बाधित न हो। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं बस चालक को झपकी आने या सड़क पर खड़े ट्रक की पर्याप्त दृश्यता नहीं होने के कारण तो दुर्घटना नहीं हुई।

छत्तीसगढ़ में लगातार हो रहे सड़क हादसे

प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को कोरिया जिले के चर्चा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर गांव के पास बस और बोलेरो की टक्कर हो गई थी। हादसे में बोलेरो सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार बच्चों समेत 14 लोग घायल हो गए थे।

इससे पहले गुरुवार को मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्रियों से भरी बस सेमरमथानी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी। इस दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हुई थी, जबकि चालक समेत करीब 40 लोग घायल हुए थे।

रायपुर में 24 घंटे के भीतर 4 हादसे, 5 लोगों की मौत

राजधानी रायपुर में भी पिछले 24 घंटे के दौरान चार सड़क हादसों में पांच लोगों की जान जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें विधानसभा क्षेत्र में दो, रायपुरा-डीडीनगर इलाके में एक और तेलीबांधा मेन रोड पर एक दुर्घटना शामिल है।

तेलीबांधा थाना क्षेत्र के VIP रोड चौक पर रविवार को ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार 35 वर्षीय गंगा साहू और उनकी 9 वर्षीय बेटी रितिका साहू की मौत हो गई थी। दोनों टेमरी माना की निवासी थीं।

CG Accident News: वहीं, विधानसभा रोड पर दौंदेखुर्द के पास पिकअप की टक्कर से दोपहिया वाहन सवार एक युवक की मौत हो गई। युवक अपनी पत्नी के साथ बलौदाबाजार से रायपुर आ रहा था। हादसे में उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *