Plane Crash: मनीला। फिलीपींस में शुक्रवार को प्रशिक्षण के दौरान वायुसेना के दो ट्रेनिंग विमान हवा में टकरा गए। इस दर्दनाक हादसे में दोनों विमानों में सवार चारों पायलटों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद फिलीपीन वायुसेना ने SF-260 विमानों की उड़ानों पर अस्थायी रोक लगा दी है। अब हादसे की वजह जानने के लिए जांच की जा रही है।
Plane Crash: कम ऊंचाई पर उड़ रहे थे दोनों विमान
जानकारी के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 3:51 बजे मनीला के दक्षिण में स्थित लीपा शहर के फर्नांडो एयर बेस के पास हुआ। दोनों SF-260 विमान प्रशिक्षण उड़ान के दौरान कम ऊंचाई पर उड़ रहे थे, तभी वे आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद विमानों का मलबा नीचे गिरा। बताया गया कि एक विमान के टुकड़े सैन्यकर्मियों के बैरक के पास गिरे।
हादसे में दोनों विमानों के चारों पायलटों की जान चली गई। घटना के बाद वायुसेना ने सुरक्षा के मद्देनजर SF-260 विमानों की उड़ान रोक दी है। जांच पूरी होने और सुरक्षा संबंधी स्थिति स्पष्ट होने तक इन विमानों को उड़ान भरने की अनुमति नहीं होगी।
फिलीपींस ने खरीदे थे 18 SF-260 विमान
SF-260 इटली में निर्मित ट्रेनिंग विमान हैं। इनका इस्तेमाल सैन्य पायलटों को उड़ान का प्रशिक्षण देने के लिए किया जाता है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, फिलीपींस ने 2010-11 के दौरान इटली की एक कंपनी से ऐसे 18 विमान खरीदे थे।
फिलीपींस लंबे समय से अपने सैन्य उपकरणों और रक्षा क्षमता को आधुनिक बनाने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, इसके लिए पर्याप्त बजट जुटाना एक चुनौती बना हुआ है। देश को वायुसेना के साथ-साथ नौसेना और थलसेना की क्षमताओं को भी मजबूत करना है।
दक्षिण चीन सागर में चीन के साथ बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच सैन्य आधुनिकीकरण की जरूरत और बढ़ गई है। लेकिन रक्षा योजनाओं में धन की कमी और परियोजनाओं में देरी जैसी चुनौतियां सामने आती रही हैं।
पहले भी हो चुके हैं SF-260 विमान हादसे
फिलीपींस में SF-260 विमानों से जुड़े हादसे पहले भी सामने आ चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इसी साल मई में उत्तरी फिलीपींस के पहाड़ी इलाके में एक SF-260 ट्रेनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें दो पायलटों की मौत हो गई थी। वहीं, वर्ष 2023 में प्रशिक्षण उड़ान के दौरान इसी प्रकार का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस घटना में भी दो पायलटों की जान गई थी।
Plane Crash: ताजा हादसे के बाद विमान की तकनीकी स्थिति, उड़ान के दौरान परिस्थितियों और दुर्घटना के संभावित कारणों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों विमान हवा में किस वजह से टकराए।