CG News: इन महिलाओं के कारनामे सुनकर उड़ जाएंगे आपके होश, CCTV फुटेज से खुला राज

Sanjay Sahu
CG News

CG News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दुर्गा पंडालों में भीड़ का फायदा उठाकर सोने की चेन चोरी करने के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिलाएं आरती के दौरान भीड़ में शामिल होकर महिलाओं के गले से सोने की चेन पार कर देती थीं। मामले की जांच के दौरान CCTV फुटेज से संदिग्धों का सुराग मिला, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को उसलापुर रेलवे स्टेशन से पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया ब्लेड भी जब्त किया गया है।

CG News: आरती के दौरान महिला के गले से गायब हुई चेन

पुलिस के अनुसार, तेलीपारा निवासी 21 वर्षीय शौर्य कश्यप ने 18 अक्टूबर को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसकी मां श्वेता कश्यप तेलीपारा रोड स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद दुर्गा उत्सव समिति के पंडाल में आरती करने गई थीं। रात करीब 8:30 बजे आरती के दौरान किसी ने उनके गले से सोने की चेन चोरी कर ली। चोरी हुई चेन का वजन करीब 14 ग्राम और कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज ने खोला राज

घटना के बाद पुलिस ने दुर्गा पंडाल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मिले हुलिए के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की तलाश शुरू की गई। 20 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध महिलाएं उसलापुर रेलवे स्टेशन पर मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन महिलाओं को हिरासत में लिया। उनकी पहचान वर्षा बंसल (23), आशा बंसल (30) और सबिता उर्फ सरिता बंसल (30) के रूप में हुई है। तीनों एमसीबी जिले के पोड़ी थाना क्षेत्र के केराडोर की निवासी बताई गई हैं।

पुलिस ने शिकायतकर्ता पक्ष से पहचान कराई और CCTV फुटेज में दिखे हुलिए का मिलान किया। पूछताछ में तीनों महिलाओं ने कथित तौर पर चेन चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।

दूसरी महिला की चेन चोरी का भी खुलासा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने उसी दुर्गा पंडाल में एक अन्य महिला की चेन चोरी करने की बात भी बताई। पुलिस का कहना है कि चोरी की गई चेन अपने साथी रीना बंसल को देने की जानकारी सामने आई है। मामले में अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया ब्लेड जब्त किया है। तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और कथित तौर पर चोरी की गई चेन के संबंध में जांच कर रही है।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *