Jaipur Crime: जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 35 वर्षीय महिला का शव पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित उसके फ्लैट में खून से लथपथ मिला। महिला अपने लिव-इन पार्टनर युवराज के साथ रह रही थी। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या की गई है। घटना के बाद से ही उसका पार्टनर फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, महिला और युवराज पिछले काफी समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि युवराज पहले से शादीशुदा था। दोनों जयपुर के पत्रकार कॉलोनी इलाके में किराए के फ्लैट में रहते थे और टिफिन सेंटर चलाते थे।
रात में हुआ विवाद, सुबह सामने आया मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार रात महिला और युवराज के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान महिला पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, हत्या की वजह और घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Jaipur Crime: सोमवार सुबह पड़ोसियों ने फ्लैट के कमरे में महिला का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
Jaipur Crime: फरार पार्टनर की तलाश में जुटी पुलिस
Jaipur Crime: पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार युवराज की तलाश की जा रही है। फिलहाल महिला की मौत की वास्तविक वजह और विवाद के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।