Beauty Tips: त्वचा की बाहरी सुरक्षा परत, जिसे स्किन बैरियर कहा जाता है, नमी बनाए रखने और धूल, प्रदूषण व अन्य बाहरी परेशानियों से बचाव में अहम भूमिका निभाती है। जब यह परत कमजोर होने लगती है, तो त्वचा में रूखापन, खिंचाव, लालिमा और जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। रोजमर्रा की कुछ आदतों में बदलाव करके इसकी देखभाल की जा सकती है।
बार-बार चेहरा धोना
दिन में कई बार फेसवॉश करने से त्वचा के प्राकृतिक तेल कम हो सकते हैं। इससे चेहरा रूखा और खिंचा हुआ महसूस होने लगता है। चेहरे को जरूरत के मुताबिक सुबह और रात में माइल्ड क्लेंजर से साफ करें।
अल्कोहल वाले टोनर का इस्तेमाल
कुछ अल्कोहल युक्त टोनर त्वचा को रूखा बना सकते हैं, खासकर तब जब उनमें अल्कोहल की मात्रा अधिक हो। इसलिए प्रोडक्ट खरीदने से पहले उसके इंग्रीडिएंट जरूर देखें। जरूरत के मुताबिक हाइड्रेटिंग और अल्कोहल-फ्री विकल्प चुनें।
गर्म पानी से चेहरा धोना
बहुत गर्म पानी त्वचा के प्राकृतिक तेलों को हटाकर रूखापन और जलन बढ़ा सकता है। खासकर सर्दियों में गर्म पानी से चेहरा धोने की आदत से बचें। इसके बजाय सामान्य या हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें ।
हार्श स्क्रब से त्वचा रगड़ना
मोटे दानों वाले स्क्रब को बार-बार या जोर से इस्तेमाल करने पर त्वचा में जलन और लालिमा हो सकती है। संवेदनशील त्वचा वालों को इससे खास सावधानी बरतनी चाहिए।
ऑयली स्किन पर मॉइस्चराइजर छोड़ना
तैलीय त्वचा होने का मतलब यह नहीं कि उसे नमी की जरूरत नहीं है। इसलिए ऑयली स्किन वाले लोग हल्का, नॉन-कॉमेडोजेनिक और वॉटर-बेस्ड मॉइस्चराइजर चुन सकते हैं। इससे त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद मिलती है।
खुशबू वाले प्रोडक्ट लगाना
स्किन केयर प्रोडक्ट में मौजूद फ्रेगरेंस कुछ लोगों, खासकर संवेदनशील त्वचा वालों में जलन, खुजली या लालिमा पैदा कर सकती है। अगर किसी प्रोडक्ट को लगाने के बाद ऐसी परेशानी होती है, तो उसका इस्तेमाल बंद करें।
सनस्क्रीन को नजरअंदाज करना
सूरज की अल्ट्रावायलेट किरणें त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसलिए सुबह के स्किन केयर रूटीन में ब्रॉड-स्पेक्ट्रम SPF 30 या उससे अधिक वाली सनस्क्रीन शामिल करें। बाहर रहने, पसीना आने या चेहरा धोने के बाद निर्देशों के अनुसार दोबारा लगाएं। घर के भीतर भी खिड़कियों से आने वाली धूप के संपर्क को ध्यान में रखकर सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें।
अगर त्वचा में लगातार जलन, लालिमा, असामान्य रूखापन या संवेदनशीलता बनी रहती है, तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें। मजबूत स्किन बैरियर के लिए बहुत सारे प्रोडक्ट लगाने के बजाय नियमित और सौम्य देखभाल पर ध्यान देना ज्यादा उपयोगी हो सकता है।
