कबीरधाम/रायपुर। Nishaanebaz.com-Deputy CM Vijay Sharma Action: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) और प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत गरीबों के आवास निर्माण में अनियमितता और धोखाधड़ी करने वाले तत्वों के खिलाफ राज्य सरकार ने बेहद सख्त रुख अपना लिया है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के कड़े निर्देशों के बाद कबीरधाम जिले में गरीब और विशेष पिछड़ी जनजाति के हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर पैसे लेकर काम न करने वाले दो अलग-अलग ठेकेदारों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
राजाढ़ार और आमानारा गांव में सामने आया ठगी का काला खेल
कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी और हितग्राहियों को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। यहां दो अलग-अलग मामलों में कुल 9 गरीब हितग्राहियों से 5 लाख 9 हजार रुपये वसूल लिए गए, लेकिन डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो मकान का निर्माण कराया गया और न ही उनकी राशि लौटाई गई।
-
चिल्फी थाना क्षेत्र (ग्राम राजाढ़ार): यहां के ठेकेदार कुमार मेरावी द्वारा पांच हितग्राहियों (देवसिंह, मंधोर बाई, पुसीया बाई, कौशिल्या बाई और ननकी बाई) से आवास निर्माण के नाम पर कुल 3 लाख 20 हजार रुपये ले लिए गए थे। शिकायत सही पाए जाने पर 14 अक्टूबर को थाना चिल्फी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
-
तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र (ग्राम आमानारा): इसी विकासखंड के आमानारा गांव में ठेकेदार तुमेश गोड़ द्वारा चार हितग्राहियों (बैसाखू बैगा, सुकोर बाई, सोनिया बाई और रनो बाई) से कुल 1 लाख 89 हजार रुपये लेने की शिकायत पर थाना तरेगांव जंगल में अपराध दर्ज किया गया है।
“गरीबों के सपनों और अधिकारों के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं”—विजय शर्मा
इस पूरे मामले पर कड़े तेवर दिखाते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान बनाने की योजना नहीं, बल्कि गरीब और वनांचलों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों के जीवन में सुरक्षा और सम्मान लाने का माध्यम है।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि कोई व्यक्ति या ठेकेदार भोले-भाले हितग्राहियों को बहला-फुसलाकर उनकी आवास राशि का दुरुपयोग करता है, तो यह अत्यंत गंभीर अपराध है। सरकार ऐसे लापरवाह और ठग प्रवृत्ति के लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शेगी नहीं और दोषियों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
