Entertainment: अंग्रेजों के जुल्म के खिलाफ खड़ा हुआ ‘रणबाली’! विजय का दिखा खूंखार अवतार; रश्मिका संग फिर जमी जोड़ी

News Desk

Entertainment: विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने के लिए तैयार है। दोनों की अपकमिंग फिल्म ‘रणबाली’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसे देखकर साफ है कि इस बार कहानी सिर्फ रोमांस तक सीमित नहीं रहने वाली। करीब 4 मिनट लंबे ट्रेलर में विजय एक ऐसे किरदार में नजर आ रहे हैं, जो अपने लोगों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ अंग्रेजी हुकूमत से भिड़ जाता है। वहीं रश्मिका उनके साथ जयम्मा के किरदार में दिखाई दे रही हैं।

19वीं सदी की कहानी

‘रणबाली’ की कहानी 19वीं सदी के दक्षिण भारत की पृष्ठभूमि में रखी गई है। कहानी उस दौर की है जब ब्रिटिश शासन के दौरान दक्षिण भारत के कई इलाकों में भयंकर अकाल और भुखमरी का संकट पैदा हुआ था। ट्रेलर में अंग्रेजी अधिकारियों की सख्ती और स्थानीय लोगों के शोषण की झलक दिखाई गई है।

गांव के लोगों से मजदूरी कराने के बावजूद उन्हें उचित मेहनताना नहीं मिलता। अनाज और राशन पर भी नियंत्रण रखा जाता है। इसी माहौल में रणबाली नाम का किरदार अपने लोगों के लिए आवाज उठाता है और धीरे-धीरे अंग्रेजों के खिलाफ सबसे बड़ा खतरा बन जाता है।

लोककथा से शुरू होती कहानी

ट्रेलर की शुरुआत एक लोक प्रदर्शन से होती है, जिसमें सिंगनमाला हिल के रणबाली की कहानी सुनाई जाती है। लोककथा के मुताबिक, एक महिला ने गुफा में रणबाली को जन्म दिया था और तभी उसके भविष्य को लेकर एक बड़ी भविष्यवाणी की गई थी।

इसके बाद कहानी वर्तमान संघर्ष की तरफ बढ़ती है। अंग्रेजों का अत्याचार बढ़ता जाता है और रणबाली उनके सामने झुकने के बजाय मुकाबला करने का रास्ता चुनता है। ट्रेलर में विजय का लुक और उनका अंदाज किरदार को और प्रभावशाली बनाता है।

विजय का नया अवतार

विजय देवरकोंडा इस फिल्म में पहले से बिल्कुल अलग अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। उनका किरदार आम हीरो की तरह सिर्फ एक्शन करता नजर नहीं आता, बल्कि उसके पीछे अपने लोगों को बचाने और अन्याय के खिलाफ खड़े होने की वजह भी है।

ट्रेलर के आखिरी हिस्से में विजय का एक्शन अवतार खास तौर पर ध्यान खींचता है। यही वजह है कि फैंस इस फिल्म को विजय के करियर के लिए एक अहम फिल्म मान रहे हैं। उनकी पिछली कुछ फिल्मों के प्रदर्शन के बाद ‘रणबाली’ से एक मजबूत वापसी की उम्मीद भी की जा रही है।

शादी के बाद पहली फिल्म

दोनों इससे पहले ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ में साथ नजर आ चुके हैं और उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।

अब शादी के बाद पहली बार दोनों किसी फिल्म में साथ दिखाई देंगे। ट्रेलर में दोनों के बीच रोमांस के साथ कहानी के संघर्ष वाले हिस्से की भी झलक मिलती है।

कब रिलीज होगी फिल्म?

‘रणबाली’ का निर्देशन राहुल सांकृत्यायन ने किया है। फिल्म को मैथ्री मूवी मेकर्स और टी-सीरीज ने मिलकर प्रोड्यूस किया है, जबकि अजय-अतुल ने इसका संगीत तैयार किया है। फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि बॉक्स ऑफिस पर इसका सामना रजनीकांत की ‘जेलर 2’ से होगा।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *