CG News:रामकुमार भारद्वाज\फरसगांव। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार 7 अक्टूबर को नगर पंचायत फरसगांव के सामुदायिक भवन में नगर स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगरवासियों की विभिन्न समस्याएं सुनी गईं और अलग-अलग विभागों से संबंधित कुल 32 आवेदन प्राप्त किए गए। संबंधित विभागों द्वारा आवेदनों के निराकरण के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
शिविर का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष प्रशांत पात्र, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रवीर सिंह बड़ेशा, एसडीएम अश्वन पूसाम, तहसीलदार अंकुर रात्रे और मुख्य नगरपालिका अधिकारी मयंक बसंतवानी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
विभिन्न विभागों के लगाए गए स्टॉल
सेवा सेतु शिविर में नगरीय प्रशासन, राजस्व, पुलिस, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी ली।
शिविर में नगरवासियों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे। कुल 32 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों ने आवश्यक कार्रवाई की। अधिकारियों ने नागरिकों को उनके आवेदन और समस्याओं के निराकरण से जुड़ी प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
दो हितग्राहियों को पोषण किट वितरित
शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बच्चों का अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर दो हितग्राहियों को पोषण किट वितरित की गई। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।अन्नप्राशन कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। वहीं गोदभराई कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को पोषण और मातृ स्वास्थ्य के प्रति आवश्यक जानकारी दी गई।
10 हितग्राहियों को आवास निर्माण की मिली स्वीकृति
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत 10 हितग्राहियों को भुवन अनुज्ञा प्रदान की गई। इसके साथ ही नवीन आवास निर्माण शुरू करने के लिए उन्हें स्वीकृति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। आवास योजना की स्वीकृति मिलने से पात्र हितग्राहियों को अपने पक्के मकान के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला।इसके अलावा राजस्व विभाग द्वारा किसानों को किसान किताब और खसरा विवरण भी वितरित किया गया। इससे संबंधित दस्तावेजों के लिए किसानों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में पार्षद संगीता प्रवीण राव, शैल सेठिया, नरेंद्र गौर, छबिला नेताम, मन्नूलाल हिड़को, भागेश्वर नेताम, सुकालु मरकाम, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गणेश दुग्गा, पूर्व उपाध्यक्ष गणेश जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।शिविर के आयोजन में सहायक नोडल ज्ञानेंद्र कुर्रे, विभा राजपूत, योगेंद्र वर्मा और नगर पंचायत फरसगांव के अधिकारी-कर्मचारियों ने सहयोग किया। अधिकारियों ने कहा कि सेवा सेतु जैसे शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के निराकरण की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।






