Raipur News: रायपुर। ग्रेच्युटी, वेतन विसंगति और लंबित भुगतान की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश 108-102 कर्मचारी संघ ने बुधवार को राजधानी रायपुर में जय अंबे इमरजेंसी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यालय का घेराव किया। कर्मचारियों ने अवंती विहार स्थित ग्लोबल टावर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
Raipur News: संघ के मुताबिक, जय अंबे इमरजेंसी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड ने सितंबर 2019 से मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ में 108 संजीवनी एक्सप्रेस सेवा का संचालन किया था। टेंडर की अवधि समाप्त होने के बाद कर्मचारियों की ग्रेच्युटी, वेतन विसंगति और अन्य लंबित भुगतान का मामला सामने आया। कर्मचारियों का दावा है कि करीब छह महीने बीतने के बाद भी उन्हें बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया है।
24 अगस्त को भी किया था प्रदर्शन
कर्मचारियों ने बताया कि इससे पहले 24 अगस्त को कंपनी के प्रधान कार्यालय में एक दिवसीय घेराव और धरना दिया गया था। उस दौरान कंपनी की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया था कि उपस्थित कर्मचारियों को 10 कार्य दिवस और सभी कर्मचारियों को 30 कार्य दिवस के भीतर ग्रेच्युटी तथा वेतन विसंगति की राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।
संघ का आरोप है कि निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद आश्वासन के मुताबिक भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद कर्मचारियों ने 30 सितंबर को कंपनी और स्वास्थ्य विभाग को दोबारा चेतावनी पत्र दिया था।
7 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन
Raipur News: संघ के अनुसार, 6 अक्टूबर की मध्यरात्रि तक कंपनी की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं होने के बाद कर्मचारियों ने 7 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन घेराव और धरना शुरू कर दिया है। कर्मचारी लंबित ग्रेच्युटी, वेतन, कटौती की राशि और अन्य बकाया भुगतान जल्द किए जाने की मांग कर रहे हैं।






