Pharasgaon News: रामकुमार भारद्वाज /फरसगांव :- संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत विकासखंड फरसगांव के ग्राम चांदागांव में 06 अक्टूबर को जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में मछली पालन विभाग द्वारा मत्स्य पालकों एवं हितग्राहियों की आजीविका संवर्धन तथा आर्थिक सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से विभिन्न सामग्री एवं औषधियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ अविनाश भोई, सीईओ जिला पंचायत, एसडीएम अश्वन कुमार पुसाम सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं अतिथियों द्वारा हितग्राहियों को मत्स्य पालन में वृद्धि, बेहतर उत्पादन एवं आत्मनिर्भरता के लिए आवश्यक सामग्री और औषधियां प्रदान की गईं।
Pharasgaon News: _हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में एक हितग्राही को स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की दृष्टि से आयुष बॉक्स प्रदान किया गया। वहीं दो हितग्राहियों को आजीविका संवर्धन के लिए मत्स्य आखेट जाल का वितरण किया गया। इसके अलावा दो हितग्राहियों को मत्स्य बीज (स्पॉन) के बेहतर संवर्धन एवं देखरेख के लिए बायोमरीन एवं एग्रीमिन जैसी आवश्यक दवाएं एवं सप्लीमेंट्स प्रदान किए गए। शिविर में मत्स्य अधिकारी अस्मिता सिन्हा द्वारा ग्रामीणों को मत्स्य पालन से संबंधित योजनाओं, उत्पादन बढ़ाने के उपायों तथा उपलब्ध शासकीय सहायता के संबंध में भी जानकारी दी गई।
Pharasgaon News: _केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से मिल रहा लाभ : टेकाम
Pharasgaon News: इस अवसर पर विधायक नीलकंठ टेकाम ने हितग्राहियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार जनता के हितों के लिए कार्य कर रही है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने हितग्राहियों से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आजीविका को मजबूत करने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।






