भोपाल/उज्जैन। Nishaanebaz.com-Digvijaya Singh Ayodhya Yatra: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह एक बार फिर लंबी पदयात्रा पर निकलने की तैयारी कर रहे हैं। इस बार वे उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर से उत्तर प्रदेश के अयोध्या तक करीब 950 किलोमीटर लंबी पदयात्रा करेंगे। इस बात की आधिकारिक घोषणा उन्होंने बुधवार को अपनी पत्नी अमृता सिंह के साथ आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे आगामी दशहरा पर्व से इस ऐतिहासिक पदयात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी इस आगामी यात्रा के उद्देश्यों और कारणों पर खुलकर बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, “महाकाल मंदिर में चोरी, राम राजा मंदिर में चोरी और अब तो अयोध्या जी में भी चोरी की बातें सामने आ रही हैं। मेरा मन है कि मैं शिवधाम से लेकर रामधाम तक पदयात्रा करूं। मैं घर में चुपचाप बैठ नहीं सकता, अगर घर में बैठूंगा तो बीमार पड़ जाऊंगा।” उन्होंने अपने पिछले अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी 3,200 किलोमीटर की नर्मदा परिक्रमा की थी और राहुल गांधी के साथ कन्याकुमारी से कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा में भी हिस्सा लिया था। अब 80 वर्ष की उम्र में वे इस नई चुनौती को पूरा करने जा रहे हैं।
यह 950 किलोमीटर लंबी यात्रा मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों से होकर गुजरेगी, जिसका लगभग आधा हिस्सा उत्तर प्रदेश और आधा मध्य प्रदेश में रहेगा। दिग्विजय सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में यह यात्रा आसानी से पूरी हो जाएगी और इस पदयात्रा में हर नागरिक को शामिल होने का पूरा अधिकार है। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश के मौजूदा हालात किसी से छिपे नहीं हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि उस दौर में कभी भी संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा करने या उन्हें कमजोर करने की कोशिश नहीं की गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार हर कदम पर लोकतंत्र को प्रभावित कर रही है।






