CG News: दुर्ग। भिलाई नगर निगम में पेवर ब्लॉक लगाने के काम को लेकर विवाद गहरा गया है। लोक निर्माण विभाग की उच्चस्तरीय जांच में निगम के 8 सब इंजीनियरों को मामले में जिम्मेदार ठहराया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर इनमें से 7 अधिकारियों से करीब 16 लाख रुपये की रिकवरी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। वहीं ठेका एजेंसी की भूमिका को लेकर भी जांच की मांग उठ रही है।
CG News: मामला भिलाई नगर निगम के परियोजना शाखा क्षेत्र में करीब 12 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से कराए गए पेवर ब्लॉक कार्य से जुड़ा है। काम में कथित आर्थिक अनियमितता की शिकायत के बाद कलेक्टर के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग को जांच सौंपी गई थी।
जांच रिपोर्ट में अर्पित बंजारे, श्वेता महेश्वर, श्वेता वर्मा, रीमा जामुलकर, पुरुषोत्तम सिन्हा, प्रभा टोप्पो, कृष्णा जंघेल और चंदन निर्मलकर को जिम्मेदार बताया गया है। रिपोर्ट के आधार पर सात अधिकारियों से करीब 16 लाख रुपये की रिकवरी की कार्रवाई की जा रही है।
विधायक ने की बर्खास्तगी की मांग
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने केवल रिकवरी को पर्याप्त नहीं बताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और बर्खास्तगी की मांग की है। उन्होंने राज्य शासन को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने कहा कि यदि मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे को उठाया जाएगा।
ठेका एजेंसी पर भी कार्रवाई की मांग
वार्ड क्रमांक 17 के पार्षद संतोष मौर्य ने दावा किया कि पेवर ब्लॉक का मामला 45 करोड़ रुपये से अधिक का है। उन्होंने ठेका एजेंसी की भूमिका की जांच, एजेंसी के खिलाफ एफआईआर और रिकवरी की मांग की है। साथ ही उन्होंने मामले से जुड़ी कुछ फाइलें गायब होने का आरोप भी लगाया है।
महापौर बोले- दोबारा जांच की मांग कर सकते हैं
भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल ने कहा कि मामले में पक्ष और विपक्ष दोनों की ओर से शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद जांच कराई गई। उन्होंने कहा कि यदि कोई पार्षद जांच रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं है तो दोबारा जांच की मांग कर सकता है।
आयुक्त ने कहा- जांच अभी जारी
निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और रिकवरी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि पेवर ब्लॉक से जुड़ा क्षेत्र बड़ा है और जांच अभी जारी है। ठेका एजेंसी की भूमिका सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
CG News: भाजपा ने दी निगम घेराव की चेतावनी
CG News: मामले को लेकर भाजपा जिला संगठन ने निगम आयुक्त से मुलाकात कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। जिला प्रभारी रामजी भारती ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो भाजपा जिला भिलाई की ओर से निगम मुख्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।
CG News: भाजपा ने जांच में अब तक सामने नहीं आए अन्य बिंदुओं को भी शामिल करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि आर्थिक अनियमितता में जिसकी भी भूमिका सामने आती है, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।






