Thursday, October 1, 2026
Home Chhattisgarh Congress protest: कचना की जमीन, सड्डू का प्लॉट और करोड़ों का सवाल…...

Congress protest: कचना की जमीन, सड्डू का प्लॉट और करोड़ों का सवाल… RDA में आखिर क्या हुआ?, कांग्रेस का हल्लाबोल

Congress protest
Congress protest

Congress protest: रायपुर। रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) की लाभांडी-कचना-सड्डू नगर विकास योजना में प्रस्तावित भूखंड आवंटन को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस ने मंत्री केदार कश्यप की पत्नी से जुड़ी कंपनी राधिका पैलेस प्राइवेट लिमिटेड को कचना की जमीन के बदले सड्डू में महत्वपूर्ण लोकेशन पर भूखंड दिए जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर कांग्रेस ने स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

राजीव भवन में पत्रकार वार्ता के बाद रायपुर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने RDA कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने किया। पूर्व सभापति प्रमोद दुबे सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए।

कांग्रेस का दावा- अलग लोकेशन पर प्रस्तावित है भूखंड

कांग्रेस नेताओं और रायपुर के ईएनटी विशेषज्ञ एवं समाजसेवी डॉ. राकेश गुप्ता का दावा है कि राधिका पैलेस प्राइवेट लिमिटेड के पास कचना के नालापारा क्षेत्र में करीब 1.33 एकड़ जमीन है। कांग्रेस के मुताबिक, इस जमीन तक पहुंचने के लिए संकरी सड़क है।

पार्टी का आरोप है कि इसके बदले कंपनी को सड्डू क्षेत्र में MR-43 सड़क से लगी करीब 23 हजार वर्गफीट जमीन देने का प्रस्ताव है। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि मूल जमीन और प्रस्तावित अंतिम भूखंड अलग-अलग स्थानों पर होने के बावजूद इस तरह के आवंटन का आधार और नियम क्या है।

सड्डू की जमीन की कीमत को लेकर भी सवाल

कांग्रेस ने दावा किया कि MR-43 के किनारे प्रस्तावित भूखंड की लोकेशन महत्वपूर्ण है और उसकी बाजार कीमत करोड़ों रुपये हो सकती है। पार्टी का आरोप है कि कचना की जमीन की तुलना में अधिक मूल्य वाली जमीन दिए जाने की स्थिति में पूरी आवंटन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं।

डॉ. राकेश गुप्ता ने 28 सितंबर को RDA की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर भी इस मामले को उठाया था। उनके अनुसार, वेबसाइट पर राधिका पैलेस प्राइवेट लिमिटेड के नाम सड्डू में प्लॉट नंबर 25 का उल्लेख है। इसका क्षेत्रफल करीब 2168 वर्गमीटर यानी लगभग 23,327 वर्गफीट बताया गया है।

जांच तक प्रक्रिया रोकने की मांग

Congress protest: कांग्रेस ने मांग की है कि भू-आवंटन से जुड़े दस्तावेजों और पूरी प्रक्रिया की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। पार्टी ने यह भी मांग की है कि जांच पूरी होने तक संबंधित नगर विकास योजना में आगे की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।

Congress protest: कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो मामले से जुड़े सभी संबंधित लोगों और अधिकारियों की भूमिका की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here