Recipe: रात के खाने के बाद बची हुई दाल को अक्सर अगले दिन गर्म करके खा लिया जाता है या फिर कई बार यह फ्रिज में पड़ी-पड़ी खराब हो जाती है। लेकिन अगर आप चाहें तो इसी दाल से सुबह का स्वादिष्ट नाश्ता तैयार कर सकते हैं। दाल से बनने वाले पराठे स्वादिष्ट होते हैं और इन्हें तैयार करने में बहुत ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती।
दाल पराठा बनाने के लिए सामग्री
दाल पराठा बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए बची हुई दाल, गेहूं का आटा, बारीक कटा प्याज, बारीक कटी हरी मिर्च और सूखी मेथी की पत्तियां लें। स्वाद बढ़ाने के लिए अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर और नमक स्वादानुसार डालें। पराठे सेंकने के लिए घी रखें। इन चीजों की मदद से स्वादिष्ट और कुरकुरे पराठे आसानी से तैयार किए जा सकते हैं।
दाल के साथ तैयार करें मसालेदार आटा
पराठे बनाने के लिए एक बड़े बर्तन में करीब एक कप बची हुई दाल लें। इसमें दो कप गेहूं का आटा, आधा कप बारीक कटा प्याज, एक बारीक कटी हरी मिर्च और आधा कप सूखी मेथी की पत्तियां डालें। इसके बाद आधा चम्मच अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक मिला दें।
सारी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर बिना पानी डाले आटा गूंथने की कोशिश करें, क्योंकि दाल में पहले से पानी है। अगर आटा ज्यादा गीला लगे तो थोड़ा गेहूं का आटा और मिला सकते हैं। आटा तैयार होने के बाद उस पर हल्का घी लगाकर करीब 10 मिनट के लिए ढककर रख दें।
तवे पर सेंकें और गरमा-गरम परोसें
अब तैयार आटे की बराबर आकार की लोइयां बनाकर उन्हें हल्का सा सूखा आटा लगाते हुए पराठे की तरह बेल लें। इसके बाद गर्म तवे पर पराठा डालें और दोनों तरफ थोड़ा-थोड़ा घी लगाएं और धीमी से मध्यम आंच पर इसे सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें। अच्छी तरह सिकने के बाद पराठे को तवे से उतार लें। तैयार दाल पराठे को गरमा-गरम मक्खन, दही या अपनी पसंद के अचार के साथ परोसें। इसका स्वाद नाश्ते या हल्के लंच के लिए काफी अच्छा लगता है।






