Recipe: अगर रोज-रोज एक जैसी सब्जियां खाकर बोर हो गए हैं और वीकेंड पर कुछ अलग बनाने का मन है, तो पनीर रोल गट्टे की सब्जी ट्राई कर सकते हैं। यह पारंपरिक बेसन के गट्टों से थोड़ी अलग है, क्योंकि इसमें बेसन की परत के अंदर पनीर की स्टफिंग की जाती है। स्टीम होने के बाद इन रोल्स को हल्का फ्राई करके मसालेदार दही की ग्रेवी में पकाया जाता है। इसका स्वाद रिच होने के साथ गट्टे अंदर से काफी सॉफ्ट रहते हैं।
बेसन का आटा इस तरह करें तैयार
सबसे पहले सौंफ, जीरा, खड़ा धनिया और थोड़ी काली मिर्च को दरदरा कूट लें। अब एक बर्तन में बेसन लेकर उसमें अजवाइन, यह तैयार मसाला, जीरा पाउडर, हींग, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, गरम मसाला और नमक डालें। इसमें घी और दही मिलाकर थोड़ा सख्त लेकिन मुलायम आटा गूंथ लें। आटे पर हल्का घी लगाकर इसे करीब 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें।
पनीर की स्टफिंग से बनाएं रोल
आराम दिए हुए आटे को दोबारा अच्छी तरह मसलें और एक बड़ी लोई लेकर पतली रोटी की तरह बेल लें। किनारों को काटकर इसे चौकोर आकार दें और फिर लंबी पट्टियां तैयार करें। हर पट्टी के बीच कद्दूकस किया हुआ पनीर रखें और इसे सावधानी से रोल करते जाएं। इसी तरह बाकी रोल भी तैयार कर लें।
स्टीम करने के बाद दें हल्का फ्राई टच
तैयार रोल्स को सीधे पानी में उबालने के बजाय स्टीमर में पकाएं। स्टीमर प्लेट पर थोड़ा तेल लगाकर रोल रखें और करीब 15 से 20 मिनट तक पकने दें। जब ये अच्छी तरह पक जाएं, तो पैन में थोड़ा घी गर्म करके रोल्स को हल्का सुनहरा होने तक फ्राई कर लें। इससे बाहर से हल्की क्रिस्पी परत आएगी, जबकि अंदर का पनीर और बेसन नरम रहेगा।
दही की ग्रेवी में ऐसे डालें गट्टे
ग्रेवी के लिए दही में हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह फेंट लें। कड़ाही में तेल गर्म करके जीरा, हींग, तेजपत्ता, हरी मिर्च, प्याज और अदरक-लहसुन भूनें। इसके बाद टमाटर की प्यूरी और बचा हुआ मसाला डालकर अच्छी तरह पकाएं। मसाला भुनने पर दही का मिश्रण डालें और लगातार चलाते हुए पकाएं। जरूरत के अनुसार पानी डालकर ग्रेवी को उबालें।
अब इसमें तैयार पनीर गट्टे डालकर धीमी आंच पर 2-3 मिनट पकाएं। आखिर में कसूरी मेथी, थोड़ा गरम मसाला और हरा धनिया डालें। गरमा-गरम पनीर रोल गट्टे की सब्जी को रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसें।






