Monday, September 28, 2026
Home Madhya Pradesh Ujjain: शाही मस्जिद विवाद में फिर पथराव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, बाजार...

Ujjain: शाही मस्जिद विवाद में फिर पथराव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, बाजार बंद, फोर्स तैनात

Ujjain Shahi Masjid Dispute: निशानेबाज न्यूज़ डेस्क- उज्जैन में शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान सोमवार को एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। प्रशासन और पुलिस की टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम पर पथराव किया गया।

पुलिस ने भीड़ को मौके से दूर किया, जिसके बाद कुछ समय के लिए स्थिति सामान्य हुई। हालांकि, इसके बाद दोबारा पुलिस पर पथराव किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को पीछे हटाया।

शहर काजी ने लोगों से घरों में रहने को कहा
तनाव के बीच उज्जैन शहर काजी खलिकुर्रहमान ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मस्जिद से जुड़ा मामला रात में ही बातचीत के जरिए हल हो चुका था और ऐसी कोई स्थिति नहीं है, जिसके कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने की जरूरत हो।शहर काजी ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और घरों में रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस काम को लेकर सहमति बनी है, उसे संबंधित लोग पूरा कर रहे हैं।

बाजार बंद, स्कूलों में भी छुट्टी
तनाव को देखते हुए प्रभावित इलाकों के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। छतरी चौक, सती गेट, सराफा, लखेरवाड़ी, ढाबा रोड और गोपाल मंदिर के आसपास के बाजार बंद रखे गए हैं।मस्जिद के आसपास सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई है। संभागायुक्त आशीष सिंह समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। अधिकारियों की ओर से लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।

मस्जिद का हिस्सा हटाने की कार्रवाई जारी
पथराव और लाठीचार्ज के बीच शाही मस्जिद के सड़क की ओर आने वाले हिस्से को हटाने की कार्रवाई जारी रहने की जानकारी सामने आई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार करीब 15 फीट हिस्से को हटाया जा रहा है।यह कार्रवाई उज्जैन में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण परियोजना से जुड़ी है। वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए शहर में सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य किए जा रहे हैं।
Read More: MP News: इंदौर में ई-बस हादसे का खौफनाक अंजाम, इलाज के दौरान दूसरी मौत से मचा हड़कंप

900 मीटर सड़क का होना है चौड़ीकरण
कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर लंबी सड़क को 15 मीटर चौड़ा करने की योजना है। इसी मार्ग पर शाही मस्जिद का हिस्सा भी सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आ रहा है।मस्जिद के हिस्से को हटाने को लेकर प्रशासन और संबंधित पक्षों के बीच बातचीत हुई थी। सोमवार को कार्रवाई के दौरान विवाद बढ़ने के बाद पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।

कांग्रेस विधायक ने भी शांति की अपील की
लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था। साथ ही उन्होंने लोगों से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन के साथ बातचीत जारी है। उनके मुताबिक मुस्लिम समाज मस्जिद के मीनारे को हटाने के पक्ष में नहीं है।फिलहाल उज्जैन के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति बनाए रखने की अपील लगातार की जा रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here