Bollywood: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। पिछले कुछ समय से उनका नाम अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार के साथ जोड़ा जा रहा है। दोनों को हाल ही में मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन करते हुए देखा गया, खास बात यह रही कि इसी दौरान गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा अलग से बप्पा के दर्शन करती नजर आईं। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। अब इन अटकलों पर खुद गोविंदा ने प्रतिक्रिया दी है।
कोमल रानी के साथ रिश्ते पर क्या बोले गोविंदा?
एक हालिया इंटरव्यू में गोविंदा से कोमल रानी स्वर्णकार के साथ उनके कथित रिश्ते को लेकर सवाल किया गया। अभिनेता ने इन खबरों को गलत बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ एक सोची-समझी रणनीति के तहत इस तरह की बातें फैलाई जा रही हैं। गोविंदा के मुताबिक, ऐसी चर्चाओं का मकसद उनकी छवि को नुकसान पहुंचाना और उन्हें उनके परिवार से अलग करना है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने पूरे करियर के दौरान काम को प्राथमिकता दी है और को-स्टार्स के साथ हमेशा प्रोफेशनल रिश्ता रखा है।
मंदिर में साथ नजर आने पर भी दी सफाई
गोविंदा ने कोमल रानी के साथ मंदिर जाने को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लालबागचा राजा के दर्शन करने के पीछे किसी तरह की गलत मंशा नहीं थी और वह सिर्फ भगवान का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे।
अभिनेता ने अपने करियर के शुरुआती दौर का जिक्र करते हुए बताया कि वह पहले भी अपनी को-स्टार्स करिश्मा कपूर और रवीना टंडन के साथ मंदिरों में दर्शन कर चुके हैं। उनके मुताबिक, उन फिल्मों को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। लंबे समय बाद जब वह फिर से अपने काम पर फोकस कर रहे हैं, तो उन्होंने उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बप्पा के दर्शन किए।
सुनीता आहूजा के बयान ने भी खींचा ध्यान
इस पूरे मामले के बीच गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा। एयरपोर्ट पर पैपराजी से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था कि इंसानों के बजाय जानवरों से प्यार करना चाहिए, क्योंकि इंसान धोखा दे सकते हैं।
एक अन्य बातचीत में सुनीता ने कथित तौर पर कोमल रानी की उम्र को लेकर भी टिप्पणी की थी। इन बयानों के बाद गोविंदा और कोमल रानी के कथित रिश्ते को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई थीं।
हालांकि, गोविंदा ने अब इन अफवाहों को खारिज करते हुए साफ किया है कि कोमल रानी के साथ उनके रिश्ते को लेकर चल रही खबरों को वह सही नहीं मानते। फिलहाल दोनों के संबंधों को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच अभिनेता का यह बयान सुर्खियों में है।






