Mahasamund News: महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने मानव तस्करी और कथित बंधुआ मजदूरी से जुड़े एक संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने छत्तीसगढ़, ओडिशा समेत अन्य राज्यों में सक्रिय बताए जा रहे इस नेटवर्क से जुड़े 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 1 करोड़ 48 लाख 54 हजार 750 रुपए नकद समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच 21 सितंबर को अस्पताल से मिले एक मेमो के बाद शुरू हुई थी। एक नाबालिग से जुड़े प्रकरण की जांच के दौरान शोषण और गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। आगे की जांच में पुलिस को मानव तस्करी और मजदूरों के कथित शोषण से जुड़े नेटवर्क के सुराग मिले।
लुभावने वादों और एडवांस रकम का आरोप
पुलिस का दावा है कि गिरोह के सदस्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और मजदूरों को एडवांस रकम देने का लालच देकर अपने संपर्क में लाते थे। इसके बाद उन्हें दूसरे राज्यों में ईंट भट्ठों और अन्य स्थानों पर काम के लिए भेजा जाता था। जांच में कुछ मामलों में दबाव, डर और धमकी के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के नेटवर्क से बड़ी संख्या में मजदूरों से संबंधित रिकॉर्ड मिले हैं। जांच एजेंसियां इन दस्तावेजों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी हैं कि कितने मजदूरों को अलग-अलग राज्यों में भेजा गया और उनके साथ किस तरह का व्यवहार किया गया।
छापेमारी में कैश के साथ कई दस्तावेज जब्त
10 ठिकानों पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने 1,48,54,750 रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा मजदूर पलायन से जुड़े रजिस्टर और डायरी, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक, ATM कार्ड, मॉर्गेज संबंधी दस्तावेज और नोट गिनने की मशीन भी जब्त की गई है।
पांच मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में मुकेश चंद्राकर, लता सवर, नंदू मोहंती, पीयूष अग्रवाल और मनीष गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुकेश चंद्राकर को नेटवर्क का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। सभी आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
नाबालिगों और महिलाओं से जुड़े मामलों की भी जांच
पुलिस अब मानव तस्करी के साथ नाबालिगों की तस्करी, बाल मजदूरी तथा महिलाओं और नाबालिग बालिकाओं के कथित शोषण से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। बरामद मोबाइल फोन, बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच से नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की उम्मीद है।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
Mahasamund News: मामले में खल्लारी थाना में अपराध क्रमांक 104/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने BNS की धारा 143(2), 143(3), 143(4), 3(5) और संगठित अपराध से संबंधित धारा 111 के तहत कार्रवाई की है।
Mahasamund News: पुलिस की जांच अब नेटवर्क के अन्य सदस्यों, पैसों के लेनदेन और अलग-अलग राज्यों में भेजे गए मजदूरों की संख्या का पता लगाने पर केंद्रित है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।






