Raipur Crime: रायपुर। राजधानी रायपुर में कारोबारी को कार से ऑयल गिरने का झांसा देकर रोकने और इसी दौरान कार से बैग चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना 24 सितंबर की सुबह करीब 11:40 बजे फाफाडीह ओवरब्रिज के पास हुई। कारोबारी कौस्तुभ धर्माधिकारी की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, नेचर सिटी अमलीडीह निवासी कौस्तुभ धर्माधिकारी रावाभाठा स्थित कैप्स आइसक्रीम फैक्ट्री के संचालक हैं। वह कार से घर से ऑफिस जा रहे थे। फाफाडीह ओवरब्रिज के पास एक युवक ने उन्हें कार के बोनट के सामने ऑयल गिरने की बात कही। कुछ दूरी पर दूसरे युवक ने भी यही बात दोहराई।
इसके बाद कारोबारी ने कार यू-टर्न लेकर सड़क किनारे खड़ी की और सर्विस सेंटर में फोन किया। सर्विस सेंटर से बोनट की फोटो भेजने को कहा गया। कारोबारी फोटो खींचने में व्यस्त थे, इसी दौरान आरोपी कार से ब्राउन रंग का बैग लेकर फरार हो गए।
Raipur Crime: बैग में 25 हजार रुपए नकद, क्रेडिट और डेबिट कार्ड, बैंक ऑफ बड़ौदा की चेकबुक, बैंक संबंधी कागजात, ऑफिस के दस्तावेज और चाबियां थीं। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।






