Ashok Nagar News: अशोक नगर: अशोकनगर जिले के चंदेरी क्षेत्र के चुरारी गांव के पास एक शराब दुकान में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने 21 नामजद और 4-5 अन्य महिला-पुरुषों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दुकान संचालक ने शिकायत में बताया है कि कैमरे तोड़े गए, शराब की पेटियां बाहर फेंकी गईं, मुनीम से गाली-गलौज की गई और 5 हजार रुपए गायब हो गए। कुल 1 लाख 64 हजार रुपए का नुकसान होने का आरोप है। इस मामले में महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है।
शिकायतकर्ता भूपेंद्र सिंह यादव ने बुधवार रात पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होने बताया कि बुधवार दोपहर चुरारी-राजघाट रोड पर स्थित शराब दुकान पर अचानक कुछ लोग लाठियां लेकर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान शराब की पेटियां दुकान से बाहर फेंक दी गईं और लाठी मारकर कैमरा तोड़ दिया गया। दुकान के मुनीम के साथ गाली-गलौज करने का भी आरोप है।
Ashok Nagar News: वही, तोड़फोड़ करने वाले लोगों का कहना था कि शराब दुकान के पास से ही बच्चियां स्कूल जाने के लिए निकलती हैं। उनका आरोप है कि शराब पीने वाले लोग छात्राओं पर गलत टिप्पणी करते हैं। इसी बात को लेकर महिलाएं और अन्य लोग नाराज थे। उन्होंने शराब दुकान के खिलाफ विरोध करते हुए तोड़फोड़ की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






