Noida Sleeper Bus Fire: नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में बुधवार रात यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती स्लीपर AC बस में भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। हादसे के दौरान 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि कुछ यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर अपनी जान बचाई।
जेवर एयरपोर्ट के पास हुआ हादसा
हादसा बुधवार रात करीब 11:30 बजे जेवर एयरपोर्ट से लगभग 500 मीटर दूर यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात करीब 9:30 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी।
आग लगने के कारणों की शुरुआती जांच में AC सिस्टम में स्पार्क या ब्लास्ट की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका। मृतकों के शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिसके चलते उनकी पहचान में परेशानी आ रही है।
यात्री ने FIR में लगाए गंभीर आरोप
FIR में यात्री सुनील कुमार के बयान के मुताबिक, बस में कुछ समय पहले से जलने जैसी गंध आ रही थी। यात्री ने आरोप लगाया कि ड्राइवर और क्लीनर सिगरेट पी रहे थे। यात्रियों द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों के कथित तौर पर हंसने की बात भी शिकायत में कही गई है।
यात्री के अनुसार, कुछ देर बाद बस में आग लग गई। आरोप है कि आग लगने के बावजूद चालक ने तत्काल बस नहीं रोकी। इसके बाद यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास किया, जिसके बाद बस को रोका गया।
MP की ट्रैवल्स कंपनी की बताई जा रही बस
पुलिस के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई बस मध्यप्रदेश की राज कल्पना ट्रैवल्स की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बस के खिलाफ पहले 19 चालान हो चुके हैं और करीब 1.75 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जा चुका है।
पुलिस ने मामले में बस चालक पवन और कंडक्टर योगेश को गिरफ्तार किया है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
45 मिनट में आग पर काबू, करीब 2 घंटे चला रेस्क्यू
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद बस के पिछले हिस्से को काटकर फायरकर्मी अंदर पहुंचे और शवों को बाहर निकाला। पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन करीब दो घंटे तक चला।
चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में AC सिस्टम में स्पार्क या ब्लास्ट के कारण इंजन में आग लगने की आशंका सामने आई है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Noida Sleeper Bus Fire: हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और राहत दल ने यात्रियों को बाहर निकालने के साथ शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। मृतकों की पहचान और हादसे के अन्य कारणों की जांच जारी है।






