Kawardha Crime: इस बात को लेकर बेटे ने मां को पीट-पीटकर मार डाला, वजह जानकर उड़ जाएंगे होस

Sanjay Sahu
Kawardha Crime

Kawardha Crime: कवर्धा। कबीरधाम जिले के झलमला थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़वाही में अंधविश्वास से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां टोनही होने के संदेह में 21 वर्षीय युवक ने अपनी ही मां के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। गंभीर चोटों के चलते महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

9 सितंबर की रात हुई मारपीट

पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को सबर सिंह मेरावी ने अपनी पत्नी बतसिया बाई मेरावी (50) की मौत की सूचना झलमला थाने में दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी रेंगाखार भेजा।

मर्ग जांच के दौरान पुलिस को घटना से जुड़े अहम सुराग मिले। गवाहों के अनुसार, 9 सितंबर की रात करीब 10 बजे मृतका का बेटा तुलसी राम मेरावी अपनी मां पर टोनही होने का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट कर रहा था।

लात-घूंसों और डंडे से किया हमला

आरोप है कि तुलसी राम ने अपनी मां को लात-घूंसों से पीटने के अलावा लकड़ी के डंडे से भी हमला किया। मारपीट में महिला को गंभीर चोटें आईं। पोस्टमार्टम के बाद मिली शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में छाती पर आई गंभीर चोटों को मौत की वजह बताया गया।

मर्ग जांच और सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले को हत्या का पाया।

हत्या के साथ टोनही प्रताड़ना का केस

पुलिस ने आरोपी तुलसी राम मेरावी, पिता सबर सिंह मेरावी, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम मुड़वाही के खिलाफ अपराध क्रमांक 15/2026 दर्ज किया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, 2005 की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी से मिले मेमोरण्डम के आधार पर घटना में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा बरामद किया गया। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में डंडे को जब्त कर लिया।

24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए झलमला पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और 12 सितंबर को आरोपी तुलसी राम मेरावी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी झलमला निरीक्षक आशीष कंसारी के नेतृत्व में की गई।

अंधविश्वास ने ली महिला की जान

Kawardha Crime: इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में टोनही जैसे अंधविश्वास और आरोपों की गंभीरता को सामने ला दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को टोनही होने के संदेह में प्रताड़ित करना या उसके साथ हिंसा करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *