Saturday, September 12, 2026
Home National Delhi KBC 18: फीस नहीं भर पाने पर स्कूल से निकाला गया, आज...

KBC 18: फीस नहीं भर पाने पर स्कूल से निकाला गया, आज 400 जरूरतमंद बच्चों को दे रहे मुफ्त शिक्षा; अमिताभ बच्चन भी हुए प्रभावित

KBC 18:
KBC 18:

KBC 18: नई दिल्ली। ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के हालिया एपिसोड में कानपुर के रहने वाले उद्देश्य सचान की कहानी ने दर्शकों का दिल जीत लिया। कभी आर्थिक तंगी के कारण स्कूल की फीस नहीं भर पाने पर उन्हें स्कूल से निकाल दिया गया था। आज वही उद्देश्य 400 से ज्यादा जरूरतमंद बच्चों को मुफ्त शिक्षा दे रहे हैं।

आर्थिक तंगी ने बदली जिंदगी

KBC 18 के मंच पर उद्देश्य ने अपनी संघर्ष भरी कहानी अमिताभ बच्चन के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि उनके पिता दर्जी का काम करते थे और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। इसी दौरान उनकी मां को बिजली का झटका लगने के बाद उनकी तबीयत खराब हो गई, जिससे परिवार की मुश्किलें और बढ़ गईं।

आर्थिक परेशानियों के कारण उद्देश्य स्कूल की फीस नहीं भर पा रहे थे। फीस जमा नहीं होने पर उन्हें दो बार स्कूल से निकाल दिया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्हें और उनके माता-पिता को आर्थिक स्थिति को लेकर अपमान और ताने भी सहने पड़े।

250 रुपये उधार लेकर शुरू की पढ़ाई

इन परिस्थितियों ने उद्देश्य को कुछ अलग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सोचा कि आर्थिक परेशानी के कारण उनकी तरह कई ऐसे बच्चे होंगे, जो पढ़ाई से वंचित रह जाते हैं। करीब आठ साल पहले उन्होंने अपनी मां से 250 रुपये उधार लिए और कुछ पर्चे छपवाकर बच्चों को पढ़ाना शुरू किया।

शुरुआत में पढ़ाने के लिए उनके पास कोई भवन नहीं था। ऐसे में उन्होंने पेड़ के नीचे बच्चों को पढ़ाना शुरू किया। धीरे-धीरे उनके काम की जानकारी लोगों तक पहुंची और मदद मिलने लगी। आज उनके पास अपना स्कूल भवन है, जहां 400 से ज्यादा जरूरतमंद बच्चे मुफ्त शिक्षा हासिल कर रहे हैं।

12वीं तक मुफ्त शिक्षा, स्कूल से नहीं करते कमाई

उद्देश्य के स्कूल में झुग्गी-बस्तियों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले बच्चों की संख्या ज्यादा है। यहां बच्चों को 12वीं कक्षा तक शिक्षा दी जाती है। उद्देश्य का कहना है कि वह स्कूल से कोई कमाई नहीं करते। उनकी बुनियादी जरूरतों का खर्च उनके बड़े भाई संभालते हैं।

ढाबे और फैक्ट्रियों में काम कर पूरी की पढ़ाई

उद्देश्य ने बताया कि उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए ढाबों, कैफे और कुछ फैक्ट्रियों में छोटे-मोटे काम भी किए। पिता ने भी उनकी शिक्षा में मदद की। सोशल मीडिया पर उनकी कहानी सामने आने के बाद कई लोगों ने उनकी मदद के लिए हाथ बढ़ाया।

आर. माधवन ने भी की मदद

अभिनेता आर. माधवन ने सोशल मीडिया के जरिए उद्देश्य के स्कूल और उनके काम के बारे में लोगों को बताया। इसके बाद उन्हें आर्थिक मदद और सहयोग मिलने लगा। KBC के मंच पर उद्देश्य की कहानी सुनकर अमिताभ बच्चन भी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि वह सोशल मीडिया के जरिए उद्देश्य के स्कूल के बारे में लोगों को बताएंगे, ताकि उन्हें और बच्चों की मदद के लिए सहयोग मिल सके।

KBC 18: KBC से जीते 12.5 लाख रुपये

KBC 18: उद्देश्य सचान ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ से 12.5 लाख रुपये जीतकर लौटे। उनकी कहानी ने यह दिखाया कि आर्थिक संघर्ष के बावजूद शिक्षा के प्रति दृढ़ संकल्प और दूसरों की मदद करने का जज्बा किस तरह बड़ी मिसाल बन सकता है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here