CG News: हसदेव नदी में सेल्फी बनी जानलेवा, एक छात्र गिरा तो बचाने उतरे 2 साथी भी बहे

Rahul Goshwami

Hasdeo River Student Missing: निशानेबाज न्यूज़ डेस्क – छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शुक्रवार को पिकनिक मनाने पहुंचे कॉलेज छात्रों के साथ बड़ा हादसा हो गया। बिलासपुर के चौकसे कॉलेज से आठ छात्र-छात्राएं देवरी गांव पहुंचे थे। इसी दौरान हसदेव नदी के किनारे सेल्फी लेते समय एक छात्र का अचानक पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में जा गिरा।छात्र को नदी में डूबता देख उसके दो साथी उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए। लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों भी उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद तीनों छात्रों का कोई पता नहीं चल सका है।

जानकारी के अनुसार, चौकसे कॉलेज के आठ छात्र-छात्राएं पिकनिक मनाने के लिए जांजगीर-चांपा के देवरी गांव पहुंचे थे। सभी हसदेव नदी के किनारे मौजूद थे।इसी दौरान छात्र नदी के पास सेल्फी ले रहे थे। तभी एक छात्र का अचानक पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव वाले पानी में गिर गया। मौके पर मौजूद उसके साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की।

बचाने उतरे दो साथी भी बहे
अपने साथी को मुश्किल में देखकर दो अन्य छात्र नदी में उतर गए। लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वे भी संभल नहीं पाए और नदी की धारा में बह गए।कुछ ही देर में तीनों छात्रों का पता नहीं चल सका। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
Read More: CG Weather Today: आज छत्तीसगढ़ में बरसेंगे बादल, आज कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम?

पुलिस और गोताखोरों ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तीनों लापता छात्रों की तलाश के लिए नगर सैनिकों की गोताखोर टीम को भी लगाया गया है।गोताखोर हसदेव नदी में अलग-अलग स्थानों पर छात्रों की तलाश कर रहे हैं। नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीम को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

पिकनिक के दौरान हादसे से मचा हड़कंप
एक साथ तीन छात्रों के नदी में लापता होने की खबर से मौके पर हड़कंप मच गया। कॉलेज के अन्य छात्रों और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है।फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम लापता छात्रों को तलाशने में जुटी हुई है। तीनों छात्रों के मिलने के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share The News
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *