मुंबई। Nishaanebaz.com-Katrina Kaif Dance Journey: आज बॉलीवुड की सबसे सफल और लोकप्रिय परफॉर्मर्स में शुमार अभिनेत्री कैटरीना कैफ का शुरुआती सफर आसान नहीं था। कोरियोग्राफर बॉस्को मार्टिस और फराह खान ने हाल ही में कैटरीना के एक अनुभवहीन डांसर से लेकर इंडस्ट्री की ‘डांस आइकॉन’ बनने तक की पूरी कहानी साझा की है। बॉस्को और सीज़र के पॉडकास्ट में बॉस्को मार्टिस ने कैटरीना के शुरुआती दिनों का एक चौंकाने वाला किस्सा याद करते हुए बताया कि करियर की शुरुआत में एक कोरियोग्राफर ने कैटरीना की डांसर स्किल्स की तीखी आलोचना की थी। उस कोरियोग्राफर ने सीधे तौर पर कहा था कि वे डांस में ज़ीरो हैं और उन्हें डांस छोड़ देना चाहिए। हालांकि, इस तीखे तंज ने कैटरीना को निराश करने के बजाय और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
Read More : तीन दिन बंद रहेंगे बैंक! नकदी लेन-देन और चेक क्लीयरेंस अटके, एटीएम पर निर्भर बढ़ी जनता
इस खुलासे पर प्रतिक्रिया देते हुए कोरियोग्राफर फराह खान ने मुस्कुराते हुए कहा कि कैटरीना उतनी भी खराब नहीं थीं। फराह के अनुसार, वे ज़ीरो पर नहीं रही होंगी, कम से कम चार या पांच के स्तर पर तो रही ही होंगी। फराह ने याद किया कि जब उन्होंने पहली बार फिल्म ‘मैंने प्यार क्यों किया?’ के गाने ‘जस्ट चिल’ के लिए कैटरीना को कोरियोग्राफ किया था, तब तक उनकी डांसर के रूप में कोई खास पहचान नहीं बन पाई थी। फराह और बॉस्को दोनों का मानना है कि साल 2010 में आई फिल्म ‘तीस मार खान’ का सुपरहिट गाना ‘शीला की जवानी’ कैटरीना के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ। फराह ने बताया कि इस गाने के बाद कैटरीना का डांस लेवल सीधे नौ या दस पर पहुंच गया था।
‘शीला की जवानी’ के बाद कैटरीना ने ‘चिकनी चमेली’, ‘कमली’, ‘अफ़गान जलेबी’, ‘स्वैग से स्वागत’ और ‘काला चश्मा’ जैसे एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर डांस नंबर्स दिए। कैटरीना कैफ भी पहले कई इंटरव्यूज में खुद पर हुई इस आलोचना का जिक्र कर चुकी हैं। उन्होंने बताया था कि शुरुआत में इस तरह की बातें सुनकर उन्हें लगा था कि वे कभी अच्छी डांसर नहीं बन पाएंगी। हालांकि, बॉस्को मार्टिस ने उन पर भरोसा जताया और समझाया कि वे डांस कर सकती हैं, बस लगातार प्रैक्टिस की जरूरत है। फिल्म ‘रेस’ के सुपरहिट गाने ‘टच मी’ के बाद कैटरीना ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। कैटरीना को आखिरी बार 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’ में देखा गया था।







[…] Katrina Kaif Sheila Ki Jawani: ‘शीला की जवानी’ गाने ने… […]