Bacheli News: बचेली। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बचेली में AK-47 रायफल की सफाई के दौरान अचानक गोली चलने से CISF के प्रधान आरक्षक की मौत हो गई। घटना 9 सितंबर 2026 को CISF कैंप बचेली के 10-11 ए कैंप स्थित पोटाकेबिन क्रमांक-03 में हुई।
जानकारी के मुताबिक, CISF प्रधान आरक्षक दत्तात्राया पिता शिवाजी बी. वांगने, निवासी अहिल्यानगर, महाराष्ट्र, कैंप में अपनी AK-47 रायफल, बट नंबर 405 की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक रायफल से दो राउंड फायर हो गए। गोली लगने से प्रधान आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अपोलो अस्पताल, बचेली ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक का शव अपोलो अस्पताल, एनएमडीसी बचेली की मर्च्यूरी में रखा गया था। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा भेजा गया है। मृतक के परिजन भी बचेली पहुंच चुके हैं।
Bacheli News: घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच, FSL टीम के घटनास्थल निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।