Raipur News: रायपुर। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। नो-एंट्री के प्रतिबंधित समय में भारी वाहन लेकर शहर में प्रवेश करने वाले 7 चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को क्रेन और टोइंग वाहनों की मदद से हटाया गया।
तेलीबांधा और पचपेढ़ी नाका इलाके में जांच के दौरान 7 भारी मालवाहक वाहन नो-एंट्री के दौरान शहर में प्रवेश करते मिले। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत इनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया। वाहन चालकों को दोबारा नियमों का उल्लंघन नहीं करने की समझाइश भी दी गई।
नो-पार्किंग में खड़े वाहन क्रेन से हटाए
ट्रैफिक पुलिस ने प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों और मुख्य मार्गों पर नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ भी अभियान चलाया। सड़क और फुटपाथ पर बेतरतीब तरीके से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को क्रेन व टोइंग वाहनों की मदद से हटाकर यातायात थाना परिसर भेजा गया। संबंधित वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई भी की गई।
रात 12 से सुबह 5 बजे तक भारी वाहनों को एंट्री
यातायात पुलिस के अनुसार, रिंग रोड के अंदरूनी हिस्सों और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश का समय निर्धारित है। इन वाहनों को रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक ही शहर में प्रवेश की अनुमति है। निर्धारित समय के अलावा भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है।
Raipur News: CCTV से रखी जा रही नजर
पुलिस अब CCTV कैमरों और फील्ड टीमों के जरिए नो-एंट्री और नो-पार्किंग नियम तोड़ने वालों पर नजर रख रही है। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से निर्धारित समय और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।






