बालाघाट। Nishaanebaz.com-Balaghat Kirnapur Police Suspended: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर थाने में पुलिस द्वारा कस्टोडियल टॉर्चर और अमानवीय व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम टिमकीटोला निवासी सावित्रीबाई और उनके पति कैलाश चौधरी ने पुलिस पर चोरी का झूठा अपराध कबूल कराने के लिए थाने में कपड़े उतरवाकर बेल्ट और डंडों से बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर एसपी से न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद एसपी आदित्य मिश्रा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किरनापुर थाने के 4 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दो माह की गर्भवती महिला के साथ अमानवीय व्यवहार, उपचार जारी
पीड़ित दंपती के अनुसार, 2 सितंबर को क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस में हुई चोरी के संदेह में पुलिस उन्हें घर से उठाकर थाने ले गई थी। दो माह की गर्भवती सावित्रीबाई का आरोप है कि उनकी स्थिति जानने के बावजूद अलग-अलग कमरों में बंद कर बेल्ट व डंडों से पीटा गया और अपराध कबूलने का दबाव बनाया गया। जमानत पर बाहर आने के बाद महिला की स्थिति बिगड़ गई है और उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार ने गर्भवती महिला के साथ-साथ उनके गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य को लेकर भी गंभीर चिंता जताई है।
बालाघाट: किरनापुर थाने में गर्भवती महिला और पति से बर्बरता के आरोप में एसपी आदित्य मिश्रा का बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी समेत 4 पुलिसकर्मी निलंबित; SIT गठित।#Balaghat #MPNews #MPPoliceAction #CustodialTorture #MPSamachar pic.twitter.com/Q0peRAZXsI
— Nishaanebaz.com (@nishaanebaz_com) September 8, 2026
Read More : यूपी चुनाव से पहले योगी का मिशन तेज, 115 सीटों पर 38 हजार करोड़ का विकास
घर से नकदी और सामान ले जाने का आरोप, थानेदार समेत 4 सस्पेंड
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मी जांच के नाम पर उनके घर से 20 हजार रुपये नकद, जेवर और मोटरसाइकिल की चाबी भी अपने साथ ले गए थे। मामले की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी आदित्य मिश्रा ने थाना प्रभारी एवं उपनिरीक्षक दामेन्द्र तुरकर, प्रधान आरक्षक आशीष बघेल, आरक्षक कपिल बघेल और महिला आरक्षक मेघा टेकाम को निलंबित कर दिया है।
निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठित, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है। पीड़ित परिवार के रिश्तेदार रवि चौधरी और रिटायर्ड आर्मी जवान तामेश राहंगडाले ने दोषियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। वहीं एसपी आदित्य मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि एसआईटी जांच की रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






