रायपुर। Nishaanebaz.com-NSUI President Fraud Allegation Raipur: राजधानी रायपुर में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय गंभीर कानूनी विवादों में घिर गए हैं। पीड़ित व्यक्ति ने उन पर अलग-अलग काम दिलाने का झांसा देकर 29 लाख रुपये से अधिक की रकम ऐंठने और धोखाधड़ी करने का संगीन आरोप लगाया है। इस मामले की लिखित शिकायत राजधानी के पुरानी बस्ती थाने के साथ-साथ उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा और रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला से की गई है। हालांकि, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह से गलत और निराधार करार दिया है।
मंत्रालय में नौकरी और रेत खदान दिलाने का दिया झांसा
शिकायतकर्ता राजू सोनकर ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपे आवेदन में बताया कि नीरज पांडेय ने उनसे अलग-अलग किश्तों में लाखों रुपये की रकम ली। पीड़ित का दावा है कि उनकी पत्नी को मंत्रालय में सरकारी नौकरी दिलाने, रेत खदान का आवंटन कराने और प्रसिद्ध दवा कंपनी ‘सिप्ला’ की एजेंसी या डीलरशिप दिलवाने का भरोसा दिया गया था। पीड़ित ने अपने आवेदन में बैंक ट्रांजेक्शन और भुगतानों के सबूत शामिल करने का दावा किया है।
भाई और चाचा के नाम भी शिकायत में शामिल
पीड़ित राजू सोनकर ने अपनी शिकायत में केवल नीरज पांडेय ही नहीं, बल्कि उनके भाई दीपक पांडेय और चाचा इंद्रासन पांडेय के नामों का भी उल्लेख किया है। पीड़ित का कहना है कि जब काम पूरा नहीं हुआ तो उन्होंने अपनी जमा पूंजी वापस मांगी, लेकिन आरोपियों द्वारा रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया गया।
सुरक्षा को लेकर जताई आशंका, पुलिस जांच शुरू
शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में जान-माल का खतरा जताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि यदि उनके या उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी या अप्रिय घटना होती है, तो इसके जिम्मेदार नीरज पांडेय और उनके परिजन होंगे। फिलहाल पुरानी बस्ती थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले के वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की प्राथमिक जांच में जुट गए हैं।






