[nishaanebaz.com] Ashoknagar News:भारतेन्द्र सिंह बैंस\अशोकनगर। जिले के मुंगावली तहसील क्षेत्र में मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ की तहसील इकाई मुंगावली द्वारा शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न तहसीलों से कर्मचारी संघ के पदाधिकारी, शिक्षक और विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान लंबे समय तक शासकीय सेवाओं में योगदान देने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंटकर आत्मीय अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह राजपूत मौजूद रहे। वहीं प्रदेश संगठन मंत्री राजकुमार चंदेल, प्रदेश कोषाध्यक्ष के. व्ही. मेवाड़े, भोपाल जिला अध्यक्ष जितेंद्र शाक्य, राजगढ़ डीपीसी ऋषि कुमार शर्मा, संभागीय अध्यक्ष रघुवीर शर्मा, जिला अध्यक्ष संतोष शर्मा, जिला सचिव विष्णु प्रसाद साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्याम बिहारी शर्मा, बीआरसी संजय जैन और जिला मजदूर संघ के जिला मंत्री शिशुपाल सिंह यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मां सरस्वती के पूजन से कार्यक्रम की शुरुआत
सम्मान समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद शिक्षक भूपेंद्र एवं वर्षा जैन ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और पदाधिकारियों का तहसील एवं ब्लॉक इकाई मुंगावली की ओर से शॉल, श्रीफल और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
इसके बाद मंचासीन अतिथियों ने शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके लंबे, निष्ठावान और बेदाग सेवाकाल के लिए सम्मानित किया। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट किए गए। इस दौरान उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
मुंगावली में 18वां सम्मान समारोह आयोजित
कार्यक्रम का स्वागत भाषण और प्रतिवेदन संघ के जिला अध्यक्ष संतोष शर्मा ने प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ की ओर से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान का यह 18वां कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।उन्होंने कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों से प्रांतीय पदाधिकारियों को अवगत कराया। साथ ही कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को प्रदेश स्तर पर उठाने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
कर्मचारी संगठनों की समस्याओं को प्रदेश स्तर पर उठाने का भरोसा
प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह राजपूत ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन का स्वाभाविक चरण है, लेकिन कर्मचारियों द्वारा अपने सेवाकाल में दिया गया योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।उन्होंने कर्मचारी संगठनों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रदेश स्तर पर प्रमुखता से रखने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों और उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए संगठन लगातार प्रयास करता रहेगा।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने साझा किए सेवाकाल के अनुभव
सम्मान समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी अपने सेवाकाल से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने शासकीय सेवा के दौरान आए विभिन्न अनुभवों और जिम्मेदारियों को याद करते हुए संगठन द्वारा किए गए सम्मान के लिए पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के अंत में तहसील कोषाध्यक्ष मालम सिंह यादव ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
कई तहसील और ब्लॉक इकाइयों के पदाधिकारी रहे मौजूद
समारोह में अशोकनगर जिले की चंदेरी, ईसागढ़, अशोकनगर, बहादुरपुर और पिपरई सहित विभिन्न तहसील एवं ब्लॉक इकाइयों के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।इस अवसर पर मुंगावली तहसील अध्यक्ष झलकन सिंह गुर्जर, सचिव संतोष पाठक, कोषाध्यक्ष संजीव गोस्वामी सहित आशीष राय, राजेश खरे, अभिलाष शर्मा, सौरभ जैन, अरविंद मार्कन, संजय जैन, कल्लू मदऊखेड़ी और विभिन्न जन शिक्षा केंद्रों के प्रभारी मौजूद रहे।कार्यक्रम में राज्य कर्मचारी संघ के कार्यकारिणी सदस्य, शिक्षक और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भी सहभागिता की। समारोह का संचालन शिक्षक प्रमोद चतुर्वेदी ने किया।






