MP News: फोरलेन डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार बस, 35 यात्री घायल; 2 गंभीर इंदौर रेफर

Anuj Nirala

[nishaanebaz.com] MP News:नितिन परमार \शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर में नेशनल हाईवे-52 पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ठुकराना जोड़ के पास करीब रात 3:30 बजे तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर फोरलेन के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में बस में सवार करीब 30 से 35 यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो यात्रियों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें इंदौर रेफर किया गया।टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

डिवाइडर से टकराते ही बस का अगला हिस्सा चकनाचूर

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बस तेज गति से जा रही थी। ठुकराना जोड़ के पास अचानक बस अनियंत्रित हुई और फोरलेन के डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के कारण ड्राइवर बस के अगले हिस्से में फंस गया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बस के क्षतिग्रस्त हिस्से को तोड़कर ड्राइवर को बाहर निकाला।

Read More: Jabalpur News: उत्तर-मध्य विधानसभा में 62 लाख के विकास कार्यों का भूमि पूजन, 237 सड़कों का काम आगे बढ़ा

बस का क्लीनर नाले में जा गिरा

हादसे के दौरान बस का क्लीनर भी उछलकर पास के नाले में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

30 से 35 यात्री घायल, दो इंदौर रेफर

हादसे में करीब 30 से 35 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को शाजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया गया।दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई, जिसके चलते उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया। अन्य घायलों का उपचार शाजापुर जिला अस्पताल में जारी है।

यात्री ने बताया- अचानक अनियंत्रित हुई बस

हादसे में घायल यात्री चांदनी ने बताया कि वे अपने पति के पास जाने के लिए इंदौर जा रही थीं। इसी दौरान ठुकराना जोड़ के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।उनके मुताबिक, बस में सवार लगभग सभी यात्री हादसे में घायल हुए हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

Read More: Sagar News: जहरीली शराब कांड में सरकार का बड़ा एक्शन, तीन आबकारी अधिकारी सस्पेंड

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

हादसे की जानकारी मिलते ही शाजापुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाकर हाईवे पर यातायात व्यवस्था बहाल कर दी गई है।फिलहाल पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।रात के समय हुए इस भीषण हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और वाहन नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *