KTU Students Protest: KTU के छात्रों का फूटा गुस्सा, कुकर-कढ़ाई और थाली लेकर किया प्रदर्शन, हॉस्टल की बदहाल व्यवस्था सुधारने की मांग

Sanjay Sahu
KTU Students Protest

KTU Students Protest: रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTU) में छात्रावास की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को विद्यार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों ने प्रशासनिक भवन के गेट के सामने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्र कुकर, कढ़ाई, थाली और पत्तल लेकर विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे और हॉस्टल की मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग की।

छात्रों का प्रदर्शन कुलपति, रजिस्ट्रार और प्रशासनिक भवन के गेट पर जारी रहा। विद्यार्थियों का आरोप है कि छात्रावास में लंबे समय से कई बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं। इन समस्याओं को लेकर कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक उनका स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

पीने के पानी में कीड़े निकलने का आरोप

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में पीने के पानी में लगातार कीड़े निकल रहे हैं। इसके अलावा करीब एक महीने से सफाई कर्मचारी नहीं आने की बात भी छात्रों ने कही है। विद्यार्थियों का आरोप है कि उनसे दबावपूर्वक सफाई का काम कराया जा रहा है।

छात्रों के मुताबिक, बारिश के दौरान हॉस्टल की छत से पानी टपकता है और कई कमरों में पानी भर जाता है। इसके साथ ही खराब दरवाजों की मरम्मत या उन्हें बदलने और पानी की टंकियों को दुरुस्त करने की मांग भी की गई है।

पानी और वाटर कूलर की व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी

विद्यार्थियों का कहना है कि विश्वविद्यालय में पीने के पानी और वाटर कूलर जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी उन्हें आंदोलन करने की स्थिति में आना पड़ रहा है। छात्रों ने प्रशासन से हॉस्टल की व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।

5 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन

KTU Students Protest: छात्रों ने अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू किया है। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि समस्याएं उठाने वाले छात्रों पर दबाव बनाने के बजाय उनकी शिकायतों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल छात्र प्रशासनिक भवन के बाहर प्रदर्शन कर अपनी मांगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की मांगों पर क्या कदम उठाता है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *