लखनऊ। Nishaanebaz.com-Akash Anand Nishad Party Offer: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती द्वारा अपने भतीजे आकाश आनंद को ‘अपरिपक्व’ बताते हुए नेशनल कोऑर्डिनेटर पद सहित सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करने के फैसले के बाद उत्तर प्रदेश का राजनीतिक पारा चढ़ गया है। मायावती के इस चौंकाने वाले फैसले के ठीक एक दिन बाद योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने आकाश आनंद को अपनी पार्टी में शामिल होने का खुला न्योता दिया है।
संजय निषाद ने मीडिया से बातचीत करते हुए न केवल आकाश आनंद का स्वागत करने की बात कही, बल्कि यहां तक कह दिया कि समय आने पर वे अपनी जगह आकाश आनंद को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के लिए भी तैयार हैं।
संजय निषाद ने बीएसपी सुप्रीमो मायावती के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ाना चाहिए, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि बीएसपी में युवाओं और नए विचारों के लिए कोई स्थान नहीं बचा है।
उन्होंने कहा, “जिस ओर जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता है। मैं आज अपील और निवेदन करता हूं कि आकाश आनंद हमारी पार्टी ज्वाइन करें, समय आने पर उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बना देंगे। राजनीति राजकुमार और राजा बनने का नियम है।” इसके साथ ही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी उन्हें अपनी पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया है।
Read More : Dhamtari Crime: मकान में चल रही थी जुए की महफिल, पुलिस ने दबिश देकर 6 जुआरियों को पकड़ा
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले बहुजन समाज पार्टी में हुआ यह फेरबदल सियासी समीकरणों को बदल सकता है। मायावती द्वारा आकाश आनंद को किनारे किए जाने के बाद अब अटकलें लगाई जा रही हैं कि वे अपने दूसरे भतीजे ईशान आनंद को संगठन में लाकर कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती हैं।
Read More :
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीएसपी से बेदखल किए जाने के बाद अन्य राजनीतिक दलों द्वारा आकाश आनंद को दिए जा रहे ऑफर दलित और युवा वोट बैंक को अपनी ओर आकर्षित करने की कवायद का हिस्सा हैं। हालांकि, इस पूरे सियासी घटनाक्रम और मिले ऑफर्स पर फिलहाल आकाश आनंद की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





