Chhattisgarh Swine Flu: छत्तीसगढ़ में बढ़ रहा स्वाइन फ्लू का संक्रमण, दुर्ग में 13 मरीज मिले; स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए निर्देश

Sanjay Sahu

Chhattisgarh Swine Flu: रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। दुर्ग जिले में अब तक 13 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 4 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 2 मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है। वहीं 7 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग सभी मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।

प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के 115 मरीज सामने आ चुके हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या भी 18 से बढ़कर 28 हो गई है। रायपुर में 3 नए मरीज मिलने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 54 हो गई है। यहां एक्टिव केस 6 से बढ़कर 9 हो गए हैं। बिलासपुर में संक्रमितों की संख्या 12 से बढ़कर 13 हो गई है, जबकि 3 एक्टिव केस हैं। सरगुजा में भी एक नया मरीज मिला है, जिसके बाद यहां कुल संक्रमितों की संख्या 3 हो गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। किसी भी मरीज में H1N1 संक्रमण की पुष्टि होने पर इसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को देने को कहा गया है।

विभाग ने छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं समेत कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। स्वाइन फ्लू के शुरुआती लक्षण बुखार, सर्दी-जुकाम और खांसी हो सकते हैं। गले में खराश या सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

Chhattisgarh Swine Flu: स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली बूंदों के जरिए संक्रमण फैल सकता है। इसलिए भीड़भाड़ और बंद जगहों पर सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *