रायगढ़। Nishaanebaz.com-Raigarh Sarpanch Arrested: रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ओंगना में महिला के घर में जबरन घुसकर अभद्रता, कपड़े खींचकर छेड़खानी और मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रायगढ़ पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर त्वरित संज्ञान लेते हुए गांव के सरपंच समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
रायगढ़ एसएसपी के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘संवेदना’ के तहत जोबी चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए यह कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई 2 मोटरसाइकिलें और घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने वाला मोबाइल फोन भी विधिवत जब्त कर लिया है।
पुरानी रंजिश के चलते दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, आरोपियों की पीड़िता के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से महिला के घर में प्रवेश किया और उसके साथ जमकर गंदी-गंदी गालियां देते हुए मारपीट व बदसलूकी की।
Read More : Bhopal Power Cut: अरेरा कॉलोनी से लालघाटी तक आज बिजली कटौती, जानें किस इलाके में कब गुल रहेगी सप्लाई
हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने इस पूरी करतूत का अपने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया। घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत मामले की सूचना जोबी चौकी पुलिस को दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जब्ती
शिकायत दर्ज होते ही जोबी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल गांव में दबिश देकर मुख्य आरोपी ओंगना सरपंच सहित चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने मौके से आरोपियों के इस्तेमाल में लाई गई 2 बाइक और वह मोबाइल फोन जब्त कर लिया है जिससे घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई थी। आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
गांव में पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में
रायगढ़ पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा और महिला संबंधी अपराधों को लेकर जिले में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद से ओंगना गांव में हल्का तनाव का माहौल बना हुआ है, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी से स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है।





